दूसरे बैंक का एटीएम इस्तेमाल करना अब होगा महंगा
अब नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बंगलुरू और हैदराबाद में दूसरे बैंक का एटीएम इस्तेमाल करना आपको महंगा पड़ेगा। इन शहरों में दूसरे बैंक के एटीएम से आप प्रतिमाह केवल तीन बार ही मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। उसके बाद आप को प्रति ट्रांजैक्शन 20 रुपये देने पड़ेगे।
हालांकि देश के दूसरे शहरों में अभी भी पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा जारी रहेगी। भारतीय रिजर्व बैंक ने बृहस्पतिवार को बैंकों द्वार जारी दिशा निर्देश में कहा है कि वह छह शहरों में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा को घटाकर 3 कर सकते हैं।
दूसरे शहरों में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा रहेगी जारी
रिजर्व बैंक ने अपने एटीएम के इस्तेमाल पर भी बैंकों को कहा है कि वह पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन के बाद कोई अगर नीति बनाने चाहते हैं, तो वह अपने बोर्ड की मंजूरी के बाद उसमें बदलाव कर सकते हैं। अभी बैंक ग्राहकों से अपने एटीएम इस्तेमाल करने के लिए किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लेते हैं।
इस मामले में एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि अभी इस संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड जारी करेगा। उसके बाद बैंक तीन मुफ्त ट्रांजैक्शन की नीति को लागू करेंगे। अधिकारी के अनुसार रिजर्व बैंक ने बैंकों से पूरे देश में एटीएम की स्थिति पिन कोड के आधार पर मांगी थी। जिसके आधार पर क्षेत्र का निर्धारण किया गया है।
बैंकों को एटीएम पर लिखनी होगी जानकारी
रिजर्व बैंक ने बैंकों को कहा है कि उन्हें ग्राहकों की सुविधा के लिए हर एटीएम की स्थिति के आधार पर मेट्रो और नॉन मेट्रो एटीएम का उल्लेख करना होगा। जिससे कि ग्राहक यह समझ सकें, कि कौन से एटीएम पर 3 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा लागू होगा। देश में अभी 1.6 लाख एटीएम है। बैंकों की दलील है कि मेट्रो शहरों में एटीएम की संख्या ज्यादा होने से ग्राहकों को इस्तेमाल में दिक्कत नहीं होगी। 1 नवंबर, 2014 से देश भर में यह नियम लागू हो जाएगा।