पुराने एसी के बदले आधी कीमत पर मिल रहा है नया एसी
अगर आप दिल्ली में रहते हैं और एसी खरीदने जा रहे हैं तो जरा रुकिए और इस खबर को गौर से पढ़िए।
बिजली वितरण कंपनी टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन ने अपने उपभोक्ताओं के लिए एक स्कीम की घोषणा की है। उपभोक्ता अपना पुराना नॉन स्टार एसी देकर 5 स्टार एसी आधी कीमत पर घर ले जा सकता हैं।
इस स्कीम का लाभ पहले आने वाले 20 हजार उपभोक्ताओं को ही मिलेगा। टाटा पावर के सीईओ प्रवीर सिन्हा ने बताया कि बिजली खपत कम करने और उपभोक्ताओं को वार्षिक करीब 5500 रुपये की बचत कराने के लिए इस योजना की शुरुआत की गई है।
ये कागजात हैं जरूरी
वे उपभोक्ता जिन्होंने बीते वर्ष अप्रैल से सितंबर माह तक औसतन 1200 यूनिट बिजली प्रति माह खर्च की हो, वे इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इस स्कीम का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता को अपने घर का पुराना नॉन स्टार एसी देना होगा और बदले में उन्हें 1 या 1.5 टन का विंडो या स्प्लिट एसी मिल जाएगा।
टीपीडीडीएल प्रवक्ता ने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को अपने बिजली बिल का सीए नंबर के साथ अपना एक फोटो पहचान पत्र और निवास का प्रमाण पत्र कंपनी में जमा कराना होगा।
किसी भी उपभोक्ता सेवा केंद्र से उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।