{"_id":"e3c32460946f3656201eb1271b96cb45","slug":"sensex-nifty-at-new-highs-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऊंची छलांग के साथ बाजार नए टॉप पर","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
ऊंची छलांग के साथ बाजार नए टॉप पर
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
Updated Sat, 01 Nov 2014 08:45 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बढ़त का सिलसिला जारी रखते हुए घरेलू शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में ऊंची छलांग लगाकर ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गया। दिग्गज कंपनियों के दमदार तिमाही नतीजों और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में तेजी की खबरों ने बाजार को उत्साह से भर दिया।
विज्ञापन
महाराष्ट्र में नई सरकार का स्वागत बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स ने 519.5 अंक की ऊंची छलांग लगा कर किया और यह 27,865.83 अंक के नए टॉप पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 153 अंक उछल कर 8,300 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 8,322.20 अंक के नए शिखर पर बंद हुआ।
विज्ञापन
सेंसेक्स ने पिछले चार सत्रों में जबर्दस्त तेजी दिखाते हुए 1,100 अंक की बढ़त हासिल की है। बाजार में तूफानी तेजी का आलम यह रहा, कि निफ्टी ने 8,200 से 8,300 अंक का स्तर महज पांच घंटे में पार कर लिया। रीयल एस्टेट सेक्टर से जुडे कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के नियम आसान करने जैसे आर्थिक सुधार के कदम सरकार द्वारा तेजी से उठाए जाने और अर्थव्यवस्था में मजबूती लौटने के संकेतों में मजबूती दिखाई देने से बाजार की धारणा मजबूत हुई है।
विज्ञापन
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अपनी मौद्रिक नीति में ब्याज दरों को निचले स्तर पर बनाए रखने और अमेरिकी अर्थव्यवस्था की 3.5 फीसदी विकास दर के बेहतर आंकड़े से भी बाजार उत्साहित हुआ।
बीएसई में सबसे ज्यादा 2.66 फीसदी की बढ़त कैपिटल गुड्स सेक्टर में रही। इसके अलावा तेल-गैस, आईटी, पावर, मेटल, और बैंकिंग वर्गों में भी अच्छी बढ़त रही।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 29 कंपनियों के शेयर मुनाफे में रहे। सबसे ज्यादा लाभ कमाने वालों में एचडीएफसी, गेल, एलएंडटी, टाटा पावर, टाटा स्टील, डा. रेड्डीज, इनफोसिस, सिप्ला, कोल इंडिया, एसबीआई, ओएनजीसी, रिलायंस, एक्सिस बैंक और सनफार्मा शामिल रहे। केवल भारती एयरटेल का शेयर गिरावट में रहा।