रामदेव ने इमामी को पछाड़ा, बाबा का टर्नओवर 2000 करोड़
आमतौर पर योग और एफएमसीजी कारोबार दोनों अलग-अलग रास्ते हैं। एक आंतरिक शांति पहुंचाता है तो दूसरा बाहरी सुंदरता को दर्शाता है। लेकिन योगगुरू बाबा रामदेव ने इन दोनों ही रास्ते को अपना लिया है।
योग के जरिए लोगों को आंतरिक शांति देने वाले बाबा रामदेव अब एफएमसीजी कारोबार में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। बाबा की कंपनी तेल, साबुन से लेकर घर के सभी जरूरी उत्पाद बना और बेच रही है।
आंकड़ों पर गौर करें तो बाबा का ये कारोबार लगातार बढ़ रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक वित्त वर्ष 2014 में पतंजलि आयुर्वेद ने 1200 करोड़ का कारोबार किया है। वहीं वित्त वर्ष 2012 में ये आंकड़ा 450 करोड़ के करीब था। यानी एक साल में करीब 850 करोड़ का सीधा उछाल रामदेव की कंपनी को हुआ।
वहीं अगर पतंजली आयुर्वेद के दावे पर गौर करें तो इस बार उनकी कंपनी का टर्नओवर करीब 2 हजार करोड़ के आस-पास है। ये बातें पिटी ग्रुप के सीईओ आदित्य पिटी की ओर कही गई हैं। ये उछाल पिछले वित्तीय वर्ष से करीब 67 फीसदी ज्यादा है।
प्रतिद्वंदी कंपनियों को कड़ी टक्कर
वर्तमान में पतंजलि ग्रुप लगभग सभी क्षेत्र के उत्पाद बना रही है। चाहे घरेलू सामान हो, खाने-पीने की चीजें हों या फिर सौन्दर्य उत्पाद ये कंपनी सभी का उत्पादन कर रही है। जिसके जरिए कंपनी का टर्नओवर 2 हजार करोड़ तक पहुंच गया है।
इसके साथ ही पतंजलि आयुर्वेद अपनी प्रतिद्वंदी कंपनी इमामी से भी आगे निकल गई है। इमामी का कारोबार 1700 करोड़ के आस-पास है। उससे आगे अब मेरिको कंपनी है। जिसका टर्नओवर करीब 4 हजार करोड़ का है।
अगर उत्पादों की बात की जाए तो पतंजलि के उत्पाद इसकी प्रतिद्वंदी कंपनियों के उत्पादों से सस्ते हैं। जिसका सीधा फायदा कंपनी को मिलता है। इसके साथ-साथ कंपनी बहुत कम पैसा इन उत्पादों के प्रचार में खर्च करती है। अगर बड़ी एफएमसीजी कंपनियों की बात करें तो वो अपनी कमाई का 20 से 30 फीसदी हिस्सा प्रचार में खर्च करते हैं।
व्यापार में लगातार हो रहा इजाफा
फिलहाल पतंजलि ब्रांड के उत्पाद धीरे-धीरे ही सही लेकिन लोगों के बीच अपनी जगह बनाने में कामयाबी हासिल कर रहे हैं। 2007 में शुरू हुआ ये कारोबार धीरे-धीरे एक मुकाम बनाता दिख रहा है। उस समय इस कारोबार में कंपनियां फ्रेंचाइजी के जरिए अपना व्यापार करती थी।
बाबा रामदेव ने हालात को समझा और इस क्षेत्र में हाथ आजमाने की योजना बनाई। वर्तमान में पतंजलि के उत्पाद देश के 400 स्टोर में बिक रहे हैं और कंपनी की योजना 2015 में इसे बढ़ाकर 1,000 करने की है।
पिटी ग्रुप के सीईओ आदित्य पिटी के मुताबिक योगगुरू ने रिलायंस रिटेल के साथ एक अनोखा समझौता किया। उन्होंने मुंबई के पांच रिलायंस रिटेल स्टोर में पतंजलि आयुर्वेद के उत्पाद रखने शुरू किए। जो फिलहाल बढ़कर 45 स्टोर में पहुंच गए हैं।
इसके अलावा मुंबई के कई और रिटेल मार्केट चाहे बिग बाजार, हाईपर सिटी और स्टार बाजार स्टोर में भी पतंजलि के उत्पाद बिक रहे हैं। पिटी के मुताबिक अब उनकी योजना ऑनलाइन मार्केट में उतरने की भी है।