{"_id":"4fa82a54-1eaa-11e2-bae0-d4ae52bc57c2","slug":"petrol-price-to-go-up-by-30-paise-a-litre-diesel-18-paise","type":"story","status":"publish","title_hn":"पेट्रोल 30 पैसे और डीजल 18 पैसे होगा महंगा","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
पेट्रोल 30 पैसे और डीजल 18 पैसे होगा महंगा
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 25 Oct 2012 08:18 PM IST
विज्ञापन
पेट्रोल और डीजल बिक्री पर लंबे समय से कमीशन बढ़ाने की मांग पर आखिरकार पेट्रोलियम मंत्रालय ने अपनी मुहर लगा दी है। मंत्रालय ने पेट्रोल पर 30 पैसे प्रति लीटर और डीजल बिक्री पर 18 पैसा प्रति लीटर कमीशन बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि कमीशन में हुई बढ़ोतरी का बोझ तेल कंपनियां ग्राहकों की जेब पर डाल सकती हैं।
विज्ञापन
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कमीशन बढ़ाने पर अंतिम निर्णय लिया। इससे पहले मंत्रालय ने फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम ट्रेडर के समक्ष पेट्रोल पर 25 पैसा और डीजल पर 12 पैसा प्रति लीटर कमीशन बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था। लेकिन डीलर इसके पक्ष में नहीं थे। फेडरेशन के महासचिव अजय बंसल का कहना है कि महंगाई के मद्देनजर पेट्रोल पर 67 पैसे और डीजल पर 42 पैसे प्रति लीटर कमीशन बढ़ाने की मांग की गई थी।
विज्ञापन
तेल कंपनियों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कमीशन बढ़ने के कारण तेल कंपनियों पर पड़ने वाले बोझ की भरपाई पेट्रोल मूल्य की आगामी मूल्य समीक्षा के साथ करेंगी। वे तत्काल प्रभाव से कमीशन में बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर डालने के पक्ष में नहीं है। सूत्रों की मानें तो पेट्रोल बिक्री पर तेल कंपनियों को फिलहाल नुकसान नहीं हो रहा है। लेकिन वित्त मंत्रालय की ओर से कंपनियों के घाटे की भरपाई पर असमंजस की स्थिति को देखते हुए वे पेट्रोल के दाम बढ़ाने पर निर्णय ले सकती हैं।
विज्ञापन
फिलहाल पेट्रोल पर कमीशन 1 रुपये 49 पैसे प्रति लीटर और डीजल पर 91 पैसे प्रति लीटर निर्धारित है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 67.90 रुपये प्रति लीटर और डीजल 46.95 रुपये है। अगर इनमें कमीशन वृद्धि को जोड़ा जाता है तो पेट्रोल के दाम 68.20 रुपये और डीजल 47.13 रुपये प्रति लीटर हो जाएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले मंत्रालय एलपीजी पर डिस्ट्रीब्यूटर कमीशन करीब 12 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ा चुका है।