पाकिस्तान से भी महंगा है भारत में पेट्रोल, मगर क्यों?
देश में आए दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ती जा रही हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि हमारे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत भारत से भी कम है।
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी एक खबर के अनुसार ऑयल मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि भारत में पेट्रोल की कीमत पाकिस्तान और श्रीलंका से अधिक है।
वहीं दूसरी ओर, उन्होंने यह भी बताया है कि नेपाल और बांग्लादेश की तुलना में भारत में पेट्रोल सस्ता है। इस समय दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 63.16 रुपए प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 49.57 रुपए प्रति लीटर है।
अन्य देशों में पेट्रोल की कीमत
भारत में पेट्रोल पाकिस्तान और श्रीलंका से महंगा है। पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 44.05 रुपए प्रति लीटर है, जबकि श्रीलंका में पेट्रोल की कीमत 54.75 रुपए प्रति लीटर है।
वहीं दूसरी ओर भारत में पेट्रोल नेपाल और बांग्लादेश से सस्ता है। बांग्लादेश में पेट्रोल 76.97 रुपए प्रति लीटर है, जबकि नेपाल में पेट्रोल की कीमत 68.13 रुपए प्रति लीटर है।
आपको बता दें कि नेपाल पेट्रोल और डीजल की जरूरतें भारत से ही पूरी करता है। नवंबर 2014 से लेकर नवंबर 2015 तक भारत ने एक्साइज ड्यूटी में भी 4 बार बढ़ोत्तरी की है।
डीजल की क्या है कीमत
दिल्ली में डीजल की कीमत 49.57 रुपए प्रति लीटर है। श्रीलंका को छोड़कर बाकी सभी की पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में डीजल की कीमत कम है। श्रीलंका में डीजल 44.29 रुपए प्रति लीटर है।
पाकिस्तान में डीजल 51.15 रुपए प्रति लीटर, बांग्लादेश में 54.27 रुपए प्रति लीटर और नेपाल में डीजल 54.27 रुपए प्रति लीटर है। इसकी जानकारी राज्यसभा को दिए गए एक लिखित जवाब में दी गई है।
साल भर पहले क्या थे हालात
प्रधान ने कहा कि करीब साल भर पहले दिल्ली में पेट्रोल की कीमत दक्षिण एशिया में दूसरी सबसे कम थी। दिल्ली में पेट्रोल 71.41 रुपए प्रति लीटर था, जो बांग्लादेश के 74.43 रुपए प्रति लीटर, श्रीलंका के 74.92 रुपए प्रति लीटर और नेपाल के 83.61 रुपए प्रति लीटर से कम थी, लेकिन पाकिस्तीन के 66.17 रुपए प्रति लीटर से अधिक थी।
इसी तरह, 1 मई 2014 को भारत में डीजल की कीमत 55.49 रुपए प्रति लीटर थी, जो पाकिस्तान के 71.27 रुपए प्रति लीटर, श्रीलंका के 56.17 रुपए प्रति लीटर और नेपाल के 65.84 रुपए प्रति लीटर से कम थी। वहीं दूसरी ओर भारत में डीजल की कीमत बांग्लादेश के 52.55 रुपए प्रति लीटर से अधिक थी।