टैक्सी से कम रेट में हवाई यात्रा, आप भी परिवार समेत उड़ सकते हैं
एयरलाइन कंपनी एयर एशिया ने सिर्फ 1 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से यात्रा करने की स्कीम शुरू की है। इस स्कीम के तहत 24 मई तक टिकट बुक कराई जा सकती है।
जहां एक ओर दिल्ली में कुछ टैक्सियां 10 रुपए प्रति किलोमीटर का ऑफर भी देती हैं, वहीं दूसरी ओर एयर एशिया का ये ऑफर इन टैक्सियों से भी सस्ता है। हालांकि, ये टैक्सियां शुरुआती 4 किलोमीटर के लिए 100 रुपए तक फिक्स चार्ज लेती हैं।
जो भी एयर एशिया की इस स्कीम का लाभ उठाकर टिकट बुक कराते है वह इस टिकट पर 18 जून 2015 से लेकर 31 मई 2016 तक के बीच कभी भी यात्रा कर सकता है।
अगले ही महीने एयरएशिया विशाखापट्टनम शहर तक के लिए अपनी उड़ान सेवाएं शुरू करने जा रही है। इस स्कीम के तहत बेंगलुरु से विशाखापट्टनम तक का टिकट लेने पर सभी खर्च समेत 1400 रुपए खर्च करने होंगे।
दिल्ली के लिए भी है मान्य
गुरुवार से ही कंपनी ने दिल्ली से भी अपने ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं। कंपनी महीने भर पहले ही दिल्ली को उत्तर भारत बाजार के हब के लिए इस्तेमाल करने की घोषणा भी कर चुकी थी।
जल्द ही कंपनी अपनी सेवाओं में दिल्ली से बेंगलुरु, गुवाहटी और गोवा को भी जोड़ेगी। 1 रुपए प्रति किलोमीटर का ऑफर दिल्ली के लिए भी पेश किया है।
कंपनी ने नई दिल्ली से गुवाहटी के लिए 1500 रुपए का टिकट और नई दिल्ली से गोवा के साथ-साथ नई दिल्ली- बेंगलुरु के लिए 1700 रुपए का टिकट रखा है।