सुब्रत रॉय को जेल में भीषण गर्मी ने किया परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की जेल में गर्मी से परेशान सहारा समूह के मुखिया सुब्रत राय ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया कि उन्हें हिरासत में रखने के खिलाफ जल्द फैसला सुनाया जाए।
राय का कहना है कि राजधानी में तापमान बढ़ रहा है और वह जेल में स्वस्थ महसूस नहीं कर रहे हैं। जस्टिस केएस राधाकृष्णन और जस्टिस जेएस खेहर की पीठ के समक्ष सहारा समूह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव धवन ने कहा कि तापमान बढ़ गया है और सुब्रत राय स्वस्थ नहीं हैं।
4 मार्च से सुब्रत रॉय हैं न्यायिक हिरासत में
राय और सहारा समूह के दो निदेशक सेबी के पास निवेशकों का बीस हजार करोड़ रुपया जमा कराने के शीर्षस्थ अदालत के आदेश का पालन नहीं करने के कारण 4 मार्च से न्यायिक हिरासत में हैं।
शीर्ष अदालत ने 21 अप्रैल को राय को जेल भेजने के निर्णय को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई पूरी की थी। यह मामला निवेशकों की बीस हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि नहीं लौटाने से संबंधित है।
20 जून तक 5,000 करोड़ रुपए करने होंगे जमा
सर्वोच्च न्यायालय सहारा के इस प्रस्ताव पर विचार के लिए भी सहमत हो गया था कि राय और दो निदेशकों की जमानत पर रिहाई के लिए दस हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
यह तीनों 4 मार्च से न्यायिक हिरासत में हैं। सहारा समूह ने अपने नए प्रस्ताव में न्यायालय को भरोसा दिलाया था कि तीन हजार करोड़ रुपये का भुगतान तीन से चार कार्य दिवसों में कर दिया जाएगा और देश दो हजार करोड़ रूपए का नकद भुगतान 3 मई तक किया जाएगा। समूह ने यह भी कहा था कि 20 जून तक वह पांच हजार करोड़ रुपये की बैंक गारंटी भी देगा।