अब शॉपिंग मॉल्स में भी मिलेगी रसोई गैस!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेश की तर्ज पर अब भारत में भी किराने की दुकान, शॉपिंग मॉल्स और सुपर मार्केट में रसोई गैस मिलेगी। प्रवासी मजदूरों, छात्रों, बीपीओ व आईटी कर्मियों को लक्ष्य कर सरकार पेट्रोल पंपों के अलावा खुदरा बाजार में छोटे रसोई गैस सिलेंडर की बिक्री शुरू करने को तैयार है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की हरी झंडी के बाद इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने बृहस्पतिवार से पांच किलो के छोटे सिलेंडर की बिक्री देश के पांच शहरों में शुरू कर दी है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा मानकों पर फिट बैठने वाले दुकानों और मॉल्स में इसकी बिक्री शुरू की जा रही है।
फिलहाल गोरखपुर, लखनऊ, अलीगढ़, बंगलूरू और चेन्नई के 11 चुनिंदा दुकानों में एलपीजी की बिक्री शुरू हुई है। जल्द ही दिल्ली समेत 50 अन्य शहरों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि छात्र और प्रवासी मजदूर बहुल इलाकों के आसपास के किराना दुकानों में यह सुविधा शुरू की जा रही है।
15,00 से 17,00 होगी कीमत
दरअसल छोटे सिलेंडर की सर्वाधिक मांग इसी वर्ग में है। इसलिए उनकी सुविधाओं का ख्याल रखते हुए बिक्री के प्रबंध किए जा रहे हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें बाजार मूल्य पर भुगतान करना होगा।
अनुमानित तौर पर पांच किलो वाले सिलेंडर की कीमत 1600 से 1700 रुपये के बीच होगी। इसमें सिक्योरिटी और रेगुलेटर की कीमत भी जुड़ी हुई है। लेकिन रिफिल कराने पर ग्राहकों को केवल गैस की कीमत चुकानी पड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि देश में पहली बार शुरू हो रही इस सुविधा के बारे में अमर उजाला ने दिसंबर में ही अपने पाठकों को जानकारी दे दी थी। फिलहाल इंडियन ऑयल 32 शहरों के 52 पेट्रोल पंपों पर छोटे सिलेंडर बेच रहा है।
हालांकि अधिक दाम और पहले पहल चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर ही यह सुविधा मिलने के कारण इसकी बिक्री रफ्तार नहीं पकड़ सकी है। लेकिन कंपनी का दावा है कि किराना स्टोर और मॉल्स में बिक्री शुरू होने से परिणाम बेहतर होंगे।
दिखाना होगा पहचान प्रमाण पत्र
छोटे रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए वोटर आई कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, कर्मचारी पहचान पत्र, छात्र पहचान पत्र, पासपोर्ट इत्यादि में से कोई एक पहचान पत्र दिखाना होगा।