{"_id":"a88052b26a5a785feade01aa4c42a712","slug":"modi-to-launch-make-in-india-global-campaign-on-september-25-in-grand-style-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मोदी 25 को फूंकेंगे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का बिगुल","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
मोदी 25 को फूंकेंगे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का बिगुल
नई दिल्ली/ सुजय मेहदूदिया
Updated Fri, 19 Sep 2014 10:11 AM IST
विज्ञापन
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले के प्राचीर से भारत को ग्लोबल मैन्यूफेक्चरिंग हब बनाने की घोषणा को अमली जामा पहनाने की कवायद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सप्ताह भर के अंदर शुरू करने जा रहे हैं। देश और दुनिया की दिग्गज कंपनियों के प्रमुखों (सीईओ) की मौजूदगी में मोदी 25 सितंबर को राजधानी के विज्ञान भवन में ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की शुरुआत करेंगे।
विज्ञापन
हाल में ही जोरदार ढंग शुरू की गई जन-धन योजना की तरह ही ‘मेक इन इंडिया’ कैंपेन को भी पूरे मोदी स्टाइल में पूरे जलवे के साथ लांच करने की तैयारी है। कैंपेन को दिल्ली के साथ-साथ मुंबई, बंगलूरू, चेन्नई सहित सभी राज्यों की राजधानी में एक साथ लांच किया जाएगा। व्यापक स्तर पर कैंपेन की इस शुरुआत के जरिए सरकार ग्लोबल स्तर पर निवेशकों को संदेश देना चाहती है कि पूरा देश निवेश के एक नए युग की शुरुआत के लिए तैयार है।
विज्ञापन
दुनिया भर के निवेशकों का ध्यान भारत की ओर आकर्षित करने के लिए भारत के टाइमजोन से मेल खाने वाले कई देशों में ‘मेक इन इंडिया’ के लिए रोड शो का आयोजन भी इसी दिन शुरू करने की योजना है। विदेशों में इन रोड शो के जरिए निवेशकों को बताया जाएगा कि भ्ज्ञारत में ई-कॉमर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार शुरू करने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस और इनबिल्ट पेमेंट गेटवे जैसी कई सुविधाएं दी जाएंगी। इसके एक ही आवेदन पर उन्हें विभिन्न प्रकार की मंजूरियों और अत्याधुनिक भुगतान प्रणाली की सहूलियत दी जाएगी।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक समारोह में देश के तकरीबन सभी औद्योगिक समूहों के साथ ही ग्लोबल कॉरपोरेट जगत से भी कई दिग्गज सीईओ के शामिल होने की उम्मीद है। कंपनियों के प्रमुख भारत को दुनिया में एक निवेशकों के आकर्षण का केंद्र बनाने को लेकर प्रधानमंत्री के विचारों और विजन को देखने-सुनने की इच्छा रखते हैं, जिसे मोदी इस समारोह में सामने रखेंगे। सूत्रों के मुताबिक मोदी आने वाले दिनों में सरकार की ओर से इस दिशा में उठाए जाने वाले कदमों के बारे में कॉरपोरेट जगत को विस्तार से जानकारियां देंगे।
गौरतलब है 15 अगस्त के अपने भाषण में मोदी ने भारत को ग्लोबल स्तर पर एक मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाकर देश में रोजगार बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों नई तकनीक लाने की बात कही थी। उन्होंने इसके लिए निवेश के माहौल में व्यापक बदलाव लाने की जरूरत भी जताई थी।