अब एयर इंडिया का मुनाफा बढ़ाएंगे 'खूबसूरत चेहरे'!
एयर इंडिया की लोकप्रियता में इजाफे और इसे दूसरी एयर लाइन कम्पनियों से आगे बढ़ाने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इसमें कई अहम कदम उठाए गए हैं।
उनकी नई गाइडलाइंस में सबसे अहम कदम है कि अब एयर इंडिया में एयर होस्टेस के लिए औसत उम्र तय की गई है।
इसके मुताबिक अब से एयर होस्टेस की उम्र 35 वर्ष तय की गई है। इससे बड़ी उम्र की केबिन क्रू सदस्यों को गाउंड ऑपरेशन के लिए शिफ्ट किया जाएगा।
केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने जारी की गाइडलाइंस
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक इन गाइडलाइंस के जरिए एयर इंडिया की लगातार कमजोर हो रही छवि को दोबारा खड़ा करने की कोशिश केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने की है।
केंद्रीय मंत्री की ओर से जारी की गई गाइडलाइंस में इसके साथ ही विमानों के आवागमन, उसकी देरी से संबंधित रिपोर्ट भी मंगाई जाएगी। इसके साथ ही ऐसे हालात में उससे निपटने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
फ्लाइट्स में देरी के चलते यात्रियों को होने वाली परेशानियों को स्वीकार नहीं किए जाने की बात भी नई गाइडलाइंस में शामिल है।
एयर इंडिया का मुनाफा बढ़ाने की कवायद
केंद्रीय मंत्री ने एयर इंडिया के बोझ को घटाने के लिए इसके स्टाफ को उड्डयन मंत्रालय से संबंधित दूसरे विभागों एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और सिविल एविएशन सिक्योरिटी में ट्रांसफर करने का निर्देश भी दिया है।
वहीं माना जा रहा है कि मंत्रालय एयर इंडिया के 7 हजार कर्मचारियों को शिफ्ट करने पर भी विचार कर रही है।
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री राजू ने एयर इंडिया से पूछा है कि वो पहले फर्स्ट क्लास और बिजनेस क्लास की सीट बेचने की कोशिश करें, अगर जरूरी हो तो फ्लाइट छूटने से तय समय से पहले इसके किराए में जरूरी डिस्काउंट देकर या किसी और तरीके से इसे बुक कराने की कोशिश की जाए।
इसके साथ ही राजू ने एयर इंडिया से फायदे और नुकसान वाले रूट की भी जानकारी मांगी है।