{"_id":"1f203642-a8f7-11e2-93d9-d4ae52bc57c2","slug":"microsoft-most-attractive-employer-in-india-says-survey","type":"story","status":"publish","title_hn":"माइक्रोसॉफ्ट नौकरी के लिए सबसे पसंदीदा कंपनी","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
माइक्रोसॉफ्ट नौकरी के लिए सबसे पसंदीदा कंपनी
नई दिल्ली/एजेंसी
Updated Fri, 19 Apr 2013 07:15 PM IST
विज्ञापन
दुनिया की दिग्गज आईटी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट देश की सबसे पसंदीदा नियोक्ता कंपनी का खिताब लगातार तीसरे वर्ष अपने पास बरकरार रखने में कामयाब रही है।
विज्ञापन
एचआर सेवाएं प्रदान करने वाली फर्म रैंडस्टैंड के एक सर्वे में माइक्रोसॉफ्ट को 2013 में लगातार तीसरे वर्ष नौकरी के लिए सबसे पसंदीदा कंपनी के रूप में चुना गया। सूची में दूसरा स्थान हेवलेट पैकर्ड (एचपी) को मिला है, जबकि गूगल इंडिया तीसरे स्थान पर रही।
विज्ञापन
काम करने के लिहाज से देश की दस सबसे अच्छी कंपनियों की सूची में इसके अलावा आईबीएम चौथे, ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) पांचवें, सोनी छठे, लॉर्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) सातवें, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) आठवें, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) नौंवें और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) दसवें स्थान पर रही।
विज्ञापन
सर्वे में ओएनजीसी को ऊर्जा क्षेत्र में, सेल को मैन्यूफेक्चरिंग में व एलएंडटी को इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में स्पेशल रिकग्निशन अवार्ड भी प्रदान किया गया है।
सर्वे में कहा गया है कि भारत जैसे कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले बाजार में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए कंपनियों के लिए एक अच्छे नियोक्ता के रूप में अपनी ब्रांडिंग करना बेहद जरूरी है क्योंकि काबिल लोगों को अपने साथ जोड़ने और बनाए रखना किसी भी कंपनी की प्रगति के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है।
इसे देखते हुए हाल के वर्षों में भारतीय कंपनियों एक बेहतर नियोक्ता के रूप में अपनी छवि बनाने के प्रति रुचि बढ़ी है।
इस सर्वे के तहत देशभर में करीब 7,000 लोगों से जानकारियां जुटाई गईं। सर्वे में कर्मचारियों ने सबसे ज्यादा महत्व बेहतर वेतन और सुरक्षित नौकरी (जॉब सिक्योरिटी) को दिया।
वेतन व जॉब सिक्योरिटी
सर्वे में कर्मचारियों ने इस साल सबसे ज्यादा तरजीह नियोक्ता द्वारा दिए जाने वाले वेतन को दी गई, जबकि जॉब सिक्योरिटी का नंबर इसके बाद आया। पिछले साल के सर्वे में कर्मचारियों ने जॉब सिक्योरिटी को सबसे महत्वपूर्ण बताया था, जबकि जॉब सिक्योरिटी को उसके बाद दूसरी प्राथमिकता माना था।
इसके अलावा काम का बेहतर माहौल, कामकाज और निजी जिंदगी के बीच संतुलन और कैरियर को आगे बढ़ाने के अवसर को भी कर्मचारियों ने नौकरी के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण कारकों में गिनाया है।
रैंडस्टैंड इंडिया के एमडी व सीईओ ई बालाजी का इस बारे में कहना है कि आज के दौर में एक पसंदीदा नियोक्ता बने रहने के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि कंपनी इस बात को बेहतर ढंग से समझे कि उसके कर्मचारी क्या चाहते हैं।