उठते गिरते बाजार में निवेश करने से पहले क्या रखें सावधानी?
एक बार फिर शेयर बाजार में तेजी है। ऐसे समय में निवेश कर फायदा कमाना चाहिए या फिर इंतजार करना चाहिए, आपके मन में यह सब सवाल उठना स्वाभाविक है। इसलिए इन बातों को समझ लेना बेहद अहम है। मौजूदा समय में चुनावों की आहट और ओपिनियन पोल में नरेंद्र मोदी की ताजपोशी के संकेत ने शेयर बाजार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
हर साल बीच-बीच में ऐसे कई दौर आते हैं, जब बाजार किसी उम्मीद पर तेजी से ऊंचाइयों पर पहुंचता है, जिसकी एक प्रमुख वजह बाजार में विदेशी निवेशकों का निवेश बढ़ना होता है, लेकिन पिछले रिकार्ड को देखें, तो बाजार की ऊंचाई स्थायी नहीं रहती है। ऐसे में इस ‘बबल’ से बचने के लिए किन बातों को ध्यान में रखना चाहिए, यह बहुत महत्वपूर्ण है।
नियमित निवेश प्रभावकारी
एसआईपी नियमित बचत की आदत को प्रोत्साहित करती है और बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद अनुशासित भागीदारी सुनिश्चित करती है। जैसे, एक पूरे मार्केट सायकल (चक्र) में किसी निवेशक ने जुलाई 2008 से जून 2013 तक प्रति माह एसआईपी में 5,000 रुपये का निवेश किया।
यानी, उसने पांच वर्ष के दौरान लगभग 3 लाख रुपये का निवेश किया और यह बढ़कर 3.67 लाख रुपये के स्तर पर पहुंच गया। जब बाजार बुरे दौर से गुजर रहा था, उस स्थिति में भी उसे सालाना 8 फीसदी का करमुक्त रिटर्न प्राप्त हुआ।
जोखिम कम करना
एसआईपी के अंतर्गत एक निश्चित अवधि में छोटी तय रकम जमा की जाती है। यानी, यह अस्थिर अथवा गिरते बाजार में औसत लागत घटाने में मदद करती है। इस तरह एकमुश्त निवेश का जोखिम कम होता है। जैसे, यदि कोई पहले महीने में 10 रुपये प्रति यूनिट के दाम पर प्रति माह 1,000 रुपये जमा करता है, तो उसे 100 यूनिट मिलती हैं।
यदि कीमत अगले महीने घटकर 9 रुपये प्रति यूनिट पर आ जाती है, तो उसे 111 यूनिट आवंटित की जाएंगी। यदि कीमत और गिरकर 8 रुपये पर आती है, तो निवेशक को 125 यूनिट मिलेंगी। नतीजतन, तीन महीनों में 3,000 रुपये जमा करके निवेशक को 336 यूनिट मिलेंगी जिनकी औसत लागत 8.9 रुपये आएगी। यदि निवेशक ने पूरी रकम पहले महीने में ही लगा दी होती तो उसे सिर्फ 300 यूनिट मिलतीं। इसलिए, एसआईपी औसत लागत कम करने में मदद करती है।
लांग टर्म में निवेश का लाभ
इक्विटी में सिस्टेमेटिक इनवेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के जरिए एक साल से कम अवधि के निवेश पर निवेशकों को इक्विटी फंडों पर शार्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स 15 फीसदी की दर से देना पड़ता है।
जबकिनिवेश एक साल से अधिक अवधि तक बनाए रखने पर निवेशक को यह कर नहीं देना पड़ता और न ही इस पर लांग टर्म कैपिटल गेन टैक्स लगता है। इसलिए निवेशक को इक्विटी बाजार में निवेश करने पर टैक्स में छूट और कैपिटल गेन का लाभ तभी मिलेगा, जब वह एक वर्ष से अधिक निवेश बनाए रखेगा।
कम्पाउंडिंग का लाभ
शुरुआती अवस्था से निवेश करने पर कम्पाउंडिंग के लाभ अधिक अहम हो जाते हैं। इसे एक उदाहरण के जरिए इस तरह समझा जा सकता है। जैसे राम की आयु 20 वर्ष है और वह 25 वर्ष की उम्र तक प्रति माह 5,000 रुपये निवेश करता है। इन 5 वर्षों में उसके द्वारा किया गया कुल निवेश 3 लाख रुपये होगा। जबकि उसके दोस्त श्याम ने मासिक निवेश न करने की बजाय 25 की उम्र में एकमुश्त 3 लाख रुपये जमा किए।
दोनों ने ही 50 वर्ष के होने तक यह रकम नहीं निकालने का फैसला किया। 10 फीसदी वार्षिक विकास दर के आधार पर अनुमान लगाएं, तो राम का 3 लाख रुपये का निवेश बढ़कर 46.7 लाख रुपये पहुंच जाएगा, जबकि श्याम का 3 लाख रुपये का निवेश सिर्फ 36.2 लाख रुपये ही रहेगा। श्याम की तुलना में एसआईपी के जरिये छोटी राशि में जल्दी निवेश शुरू करने के राम के निर्णय ने उसे 10 लाख रुपये अधिक कमाने का अवसर दिया।
ईएलएसएस पर कर छूट
एसआईपी में निवेश की शुरुआत 500 रुपये मासिक से भी की जा सकती है। इससे निवेशक के मासिक बजट पर इसका खास असर नहीं होता है और उसकी जीवन शैली भी प्रभावित नहीं होती है।
इसके साथ ही, इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम (ईएलएसएस) योजनाओं में निवेश पर निवेशक धारा 80सी के अंतर्गत कर छूट का लाभ प्राप्त कर सकता है। ईएलएसएस में निवेश पर जहां निवेशकों को कर छूट का लाभ मिलता है वहीं, लांट टर्म तक इसे बनाए रखने पर बेहतर रिटर्न मिलने की संभावनाए मजबूत रहती हैं।
