{"_id":"12ddc10f314a767b89d819ad5bf78e5c","slug":"india-inc-come-forward-for-swachh-bharat-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘स्वच्छ भारत’ के लिए आगे आया उद्योग जगत ","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
‘स्वच्छ भारत’ के लिए आगे आया उद्योग जगत
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Wed, 01 Oct 2014 07:16 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘स्वच्छ भारत’ मुहिम को मजबूती देने के लिए उद्योग जगत भी सामने आया है। इसके तहत भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने ‘मिशन - सेनिटेशन ऑफ स्कूल्स’ लांच किया है। इस पहल के जरिए कंपनियों के साथ मिलकर देशभर में सरकारी स्कूलों में टायलेट का निर्माण कराया जाएगा।
विज्ञापन
सीआईआई के नामित प्रेसिडेंट और टीआईएल लिमिटेड के सीएमडी सुमित मजूमदार ने कहा कि सीआईआई उद्योग और सरकार के साथ मिलकर ‘स्वच्छ भारत’ को वास्तविकता का अमलीजामा पहनाएगा। सीआईआई के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र से 7,200 से अधिक प्रत्यक्ष सदस्य हैं। जबकि, परिसंघ के अप्रत्यक्ष सदस्यों की संख्या 1,00,000 है। उन्होंने कहा कि हमने भारत में अपने 64 कार्यालयों के जरिए जागरुकता बढ़ाने और उद्योगों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए एक व्यवस्था बनाई है।
विज्ञापन
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की हालिया रिपोर्ट बताती है कि भारत की आधी आबादी के पास टायलेट की सुविधा नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और खराब है, जहां अभी भी 60 फीसदी आबादी खुले में शौच को विवश है। स्वच्छता के खराब और अपर्याप्त इंतजामात के चलते विभिन्न तरह की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होती हैं, जो आर्थिक और सामाजिक स्तर पर नुकसान पहुंचाती हैं।
विज्ञापन
यूएन की रिपोर्ट बताती है कि देश के 1.01 लाख सरकारी स्कूलों में बालिकाओं और 1.52 लाख स्कूलों में बालकों के लिए टायलेट की सुविधा नहीं है। वहीं, 1.64 लाख स्कूलों के टायलेट बेकार पड़े हैं। स्कूलों में ड्राप आउट के लिए टायलेट की सुविधा न होना एक बड़ी वजह है।
स्वच्छ भारत मिशन को हकीकत बनाने में सीआईआई को देशभर से अपने सदस्यों की संख्या का लाभ मिलेगा। ‘मिशन - सेनिटेशन ऑफ स्कूल्स’ का आयोजन सीआईआई फाउंडेशन की अगुवाई में किया जाएगा। फाउंडेशन की स्थापना 2011 में विकास एवं धर्मार्थ गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उद्योगों को इसमें सक्रिय करने के उद्देश्य से की गई है। सीआईआई फाउंडेशन ने इस पहल के लिए खासतौर से एक टास्क फोर्स का गठन किया है। टास्क फोर्स राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और राज्य स्तर पर सरकारी स्कूलों में स्वच्छता के लिए उद्योगों की सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
सुलभ, डाबर मिलकर बनाएंगे ‘स्वच्छ टायलेट’
नई दिल्ली। स्वच्छ भारत मिशन के मद्देनजर डाबर इंडिया लिमिटेड और सुलभ इंटरनेशनल ने हाथ मिलाया है। इस भागीदारी के तहत डाबर इंडिया लिमिटेड सुलभ इंटरनेशनल के जन सुविधाओं में बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान चलाएगी। गांधी जयंती पर 2 अक्तूबर को डाबर का क्लीनर ब्रांड सनीफ्रेश देशभर में विशेष सफाई और जागरूकता अभियान की शुरुआत करेगा। डाबर देशभर में सार्वजनिक टायलेटों को साफ और कीटाणुमुक्त बनाने की दिशा में काम करेगी। इसके तहत देशभर में सुलभ इंटरनेशनल की जन सुविधाओं में स्वयंसेवकों की टीम तैनात की जाएगी।