आइडिया ने महंगे किए डेटा प्लान, जानिए नई कीमतें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी आइडिया सेल्यूलर ने दिल्ली-एनसीआर में अपने प्री-पेड ग्राहकों के लिए डेटा (इंटरनेट) दरों में दो गुनी तक की बढ़ोतरी कर दी है।
इसके साथ ही आइडिया 1.1 लाख करोड़ रुपये की स्पेक्ट्रम नीलामी के बाद दरें बढ़ाने वाली पहली टेलीकॉम कंपनी बन गई है। कंपनी के प्रवक्ता में इस संबंध में किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।
बढ़ोतरी के तहत आइडिया ने अपने कुछ 2जी डेटा प्लान की दरें दोगुनी तक बढ़ा दी हैं, जबकि 3जी की दरों में 33 फीसदी तक का इजाफा किया गया है।
नई दरें 3 जून से प्रभावी हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक कंपनी आने वाले दिनों में कुछ और टेलीकॉम सर्किलों में दरों में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकती है।
ये प्लान हुए महंगे
नई दरों के तहत 2जी मोबाइल इंटरनेट डेटा के इस्तेमाल करने वालों को अब 255 रुपये प्लान में केवल 1.5 जीबी डेटा इस्तेमाल करने को मिलेगा।
अब तक इस प्लान में 3 जीबी डेटा मिलता था। इसी तरह 3जी में 755 रुपये के रिचार्ज में अब ग्राहकों को 4 जीबी की जगह केवल 3जीबी डेटा दिया जाएगा।
इसी तरह 3जी का 28 दिन की वैधता वाला 1 जीबी पैक के लिए ग्राहकों को अब 249 के बजाय 295 रुपये देने होंगे। 1 जीबी का 28 वाला 2जी पैकेज अब 175 की जगह 195 रुपये का पड़ेगा।
2जी नेटवर्क से 3जीबी प्लान खत्म
दरों में बढ़ोतरी के साथ ही कंपनी ने कई प्लानों की वैधता अवधि में भी कमी की है। इसके तहत 247 रुपये के 1 जीबी प्लान की वैधता अवधि 7 दिन कर दी गई है।
अबतक 249 रुपये के 1 जीबी प्लान की अवधि 28 दिन थी। कंपनी ने 500 एमबी के 2जी पैक की दरों में भी 27.5 फीसदी की बढ़ोतरी करते हुए इसके शुल्क को 98 रुपये से 125 रुपये कर दिया है।
इसके अलावा आइडिया ने अपने 2जी नेटवर्क से 3जीबी के प्लान को खत्म कर दिया है। गौरतलब है कि मार्च में ऊंची दरों पर हुई स्पेक्ट्रम नीलामी के बाद दूरसंचार कंपनियों ने आने वाले दिनों में दरों में बढ़ोतरी की बात कही थी।
भारती एयरटेल, वोडाफोन और आइडिया पिछले साल भी डेटा के साथ-साथ कॉल की दरों में भी बढ़ोतरी कर चुकी हैं।