{"_id":"b927b10c-359d-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"hindustan-copper-share-sale-raises-8-1-billion-rupees","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिंदुस्तान कॉपर से विनिवेश की जोरदार शुरुआत","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
हिंदुस्तान कॉपर से विनिवेश की जोरदार शुरुआत
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Sat, 24 Nov 2012 12:13 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की हिस्सेदारी बेचकर राजस्व जुटाने की सरकार की कोशिशों को शुरुआती कामयाबी मिली है। शुक्रवार को हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के 5.58 फीसदी शेयरों की बिक्री से करीब 800 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ है। इसके साथ ही सरकार ने चालू वित्तवर्ष में सरकारी कंपनियों के शेयर बेचकर 30,000 करोड़ रुपये जुटाने के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है।
विज्ञापन
सितंबर में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की 9.59 फीसदी हिस्सेदारी बेचने के फैसले को मंजूरी दी थी। शुक्रवार को हुई शेयरों की बिक्री के लिए मंत्रियों के अधिकार प्राप्त समूह (ईजीओएम) ने प्रति शेयर 155 रुपये का दाम तय किया था। वित्त मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, आधार कीमत से ऊपर की सभी बोलियों को स्वीकार कर लिया गया है। बेचे गए शेयरों का औसत भाव 156.83 रुपये रहा। विदेशी वित्तीय संस्थानों ने भी हिंदुस्तान कॉपर में दिलचस्पी दिखाई है।
विज्ञापन
विनिवेश के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए सरकार दिसंबर में एनएमडीसी में अपनी हिस्सेदारी बेचेगी। एचसीएल में आगे और हिस्सेदारी बेचने के बारे में वित्त मंत्रालय सोमवार को फैसला करेगा। मार्च के आखिर तक एक बार फिर और हिस्सेदारी बेची जा सकती है। आने वाले कुछ दिनों में एनटीपीसी और ऑयल इंडिया के इश्यू भी बाजार में आ सकते हैं।
विज्ञापन
हिंदुस्तान कॉपर के इश्यू को शेयर बाजारों पर बिक्री शुरू होते ही अपेक्षा से बेहतर रिस्पांस मिलना शुरू हो गया। पहले तीन घंटे के दौरान ही इश्यू को 31.40 करोड़ रुपये की बोली हासिल हो गई। एचसीएल के शेयरों का ऑफर ऑफ सेल (ओएफएस) सुबह 9.15 बजे शुरू हो गया। दोपहर 1.15 बजे तक इश्यू को कुल ऑफर साइज का 2.28 फीसदी यानी 20,25,835 शेयरों की बोली प्राप्त हुई, जिनकी 155 रुपये के निर्धारित फ्लोर प्राइज के आधार पर कीमत 31.40 करोड़ रुपये रही।
हिंदुस्तान कॉपर में विनिवेश के जरिये सरकार की योजना 1,376 करोड़ रुपये जुटाने की है। सरकार की योजना ऑफर ऑफ सेल के जरिये एचसीएल में 9.59 फीसदी या 8.87 करोड़ शेयर बेचने की है। एचसीएल के इश्यू का 25 फीसदी म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों के लिए आरक्षित था।