{"_id":"731a41a761f676ec17e42cbf155075b3","slug":"google-to-enable-faster-search-on-slow-mobile-network-in-india-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"धीमे मोबाइल कनेक्शन से भी गूगल पर कर सकेंगे तेज सर्च","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
धीमे मोबाइल कनेक्शन से भी गूगल पर कर सकेंगे तेज सर्च
नई दिल्ली/ एजेंसी
Updated Sun, 05 Oct 2014 06:47 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में तेजी से बढ़ते मोबाइल इंटरनेट बाजार पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए सर्च इंजन चलाने वाली कंपनी गूगल मोबाइल पर बेहतर सर्चिंग उपलब्ध कराने जा रही है। इसके तहत गूगल का जोर खासतौर पर धीमे नेटवर्क कनेक्शन वाले मोबाइल धारकों को भी तेज इंटरनेट सर्च की सुविधा देने पर होगा।
विज्ञापन
गूगल अपने सर्च रिजल्ट पेज के उन्नत वर्जन के जरिए मोबाइल धारकों को यह सुविधा उपलब्ध कराएगी। इसमें गूगल का सर्च इंजन ग्राहक का मोबाइल कनेक्शन धीमा होने का पता अपने आप लगा कर उसे फास्ट लोडिंग वर्जन के जरिए सर्च के रिजल्ट देगा। गूगल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर भारत मेदीरत्ता ने अपने ब्लॉग में यह जानकारी दी है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भारत में मोबाइल के जरिये इंटरनेट का इस्तेमाल करने के चलन में काफी तेजी आ रही है, पर इनमें से कई लोगों के पास तेज चलने वाला इंटरनेट कनेक्शन नहीं होता। गूगल सर्च इंजन रिजल्ट की बाइट्स को कम करके तेजी से सर्च रिजल्ट मुहैया कराएगा। इसमें सर्च के रिजल्ट तो पहले जैसे ही रहेंगे, पर इसमें से चित्रों (इमेज) और नक्शों (मैप) को हटा दिया जाएगा। इन्हें रिजल्ट में तब ही शामिल किया जाएगा, जब यह सर्च के लिए जरूरी या अपरिहार्य होंगे।
विज्ञापन
मेदीरत्ता ने कहा कि अपने इस कदम के जरिए गूगल सूचनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करने जा रही है। इसके जरिए जानकारियों को उन लोगों तक भी पहुंचाया जा सकेगा, जिनके पास तेज इंटरनेट कनेक्शन नहीं है।
गौरतलब है कि भारत के विशाल बाजार में अपनी दमदार मौजूदगी को बरकरार रखने के लिए गूगल लगातार ऐसे उत्पाद और सेवाएं पेश करने के प्रयास कर रही है, जो कम कीमत में बेहतर क्वालिटी की चाहत रखने वाले लोगों को भाएं। इसी के तहत बीते दिनों उसने घरेलू मोबाइल कंपनियों के साथ मिलकर एंड्रॉयड वन ब्रांड के तहत सस्ते स्मार्ट फोन बाजार में पेश किए हैं। गूगल ने माइक्रोमैक्स, कार्बन और स्पाइस के साथ मिलकर यह हैंड सेट लांच किए हैं, जिनकी कीमतें 6,399 रुपये से शुरू होती हैं।