{"_id":"13c4835a-2cda-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"gold-on-top-of-two-months-at-diwali","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिवाली की मांग से सोना दो महीने के टॉप पर","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
दिवाली की मांग से सोना दो महीने के टॉप पर
एजेंसी/नई दिल्ली
Updated Mon, 12 Nov 2012 08:33 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धनतेरस और दिवाली पर खुदरा मांग आने और विदेशों में तेजी के चलते घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी के भावों में तेजी दर्ज की गई। स्थानीय बाजार में सोना 260 रुपये उछलकर करीब दो माह के शीर्ष स्तर 32,385 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी के दाम 200 रुपये बढ़कर छह सप्ताह के उच्चतम स्तर 61,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए।
विज्ञापन
सराफा विश्लेषकों के मुताबिक यह तेजी घरेलू स्तर पर त्योहारी मांग निकलने के अलावा विदेशी असर का भी नतीजा है। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका में वित्तीय सख्ती बरते जाने की आशंकाओं के बीच निवेशक सोने की लिवाली को तरजीह दे रहे हैं। इससे विदेशों में कीमती धातुओं के भाव पिछले सप्ताह से ही बढ़त पर हैं।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय कारोबार के दौरान सोना 0.18 फीसदी की बढ़त लेकर तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर 1,734.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिका में सोने का दिसंबर वायदा 1,734.50 डॉलर प्रति औंस पर बोला गया। पिछले सप्ताह सोने ने 11 सप्ताह की सर्वाधिक वृद्धि दर हासिल की है। चांदी भी बढ़त पर रही और 32.69 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
विज्ञापन
विदेशी बाजारों के असर के अलावा घरेलू सराफा बाजार इन दिनों दिवाली और धनतेरस की त्योहारी मांग आने से लगातार नई ऊंचाइयां छूने में लगा हुआ है। कारोबारी लंबे अरसे से इस तेजी का इंतजार कर रहे थे और त्योहारी सीजन ने उनकी यह मुराद पूरी कर दी है। दरअसल सोने-चांदी के भावों के तेज होने से खुदरा निवेशक इसकी खरीद से परहेज कर रहे थे लेकिन अब त्योहारों के मौसम में उनके लिए भी खरीद को टाल पाना मुश्किल हो रहा है।
गत रविवार को धनतेरस पर बाजार में जमकर खरीदारी हुई। दिवाली पर भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। खरीदारी तेज होने के चलते स्थानीय सराफा बाजार में सोना 260 रुपये की तेजी के साथ 32,385 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। सोने की गिन्नी 25,500 रुपये प्रति के पुराने भाव पर बनी रही। चांदी 200 रुपये की तेजी हासिल करते हुए 61,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। चांदी सिक्कों के लिवाली 78,000 और बिकवाली 79,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बने रहे। कारोबारियों का कहना है कि विदेशों में तेजी और घरेलू स्तर पर दिवाली की मांग की उम्मीद में कीमती धातुओं में हाल की तेजी आई है।