आखिर क्यों गूगल के मेले में नहीं लगी फ्लिपकार्ट की दुकान?
गूगल की तीन दिवसीय महासेल शुरू हो चुकी है, जिसमें 450 कंपनियों ने हिस्सा लिया है। यह सेल 10 दिसंबर से शुरू हुई है, जो 12 दिसंबर तक चलेगी। आपको बता दें कि इस महासेल में स्नैपडील और अमेजन जैसी दिग्गज कंपनियों ने भी हिस्सा लिया है, लेकिन भारत की एक बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने इस महासेल से दूर ही रहने का फैसला किया है।
फ्लिपकार्ट चला रही है बिग ऐप सेल
फ्लिपकार्ट का गूगल की महासेल में शामिल न होने एक कारण यह भी हो सकता है कि फ्लिपकार्ट अपना खुद का बिग ऐप सेल चला रही है, जो 8 दिसंबर से शुरू हो चुका है और 12 दिसंबर तक चलेगा। हालांकि, गूगल जैसे दिग्गज के सामने फ्लिपकार्ट काफी छोटी कंपनी है, लेकिन फिर भी इसने गूगल में शामिल न होकर अलग से अपनी सेल करने का फैसला किया है।
हो सकते हैं लीगल इश्यू
गूगल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर राजन आनंदन ने कहा कि जब कोई इंडस्ट्री तेजी से बढ़ती है तो इसमें कुछ परेशानियां भी देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में कभी इंफ्रास्ट्रक्चर काम नहीं करता है तो कभी सामान की डिलीवरी समय से नहीं होती है। ऐसे में राजन के इस बयान को देखते हुए हो सकता है कि फ्लिपकार्ट गूगल की शर्तों को पूरा न कर पाया हो और इस महासेल में हिस्सा लेने से मना कर दिया हो।
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले ही फ्लिपकार्ट ने एक बिग बिलयन डे सेल रखी थी, जिसके चलते फ्लिपकार्ट की वेबसाइट क्रैश हो गई थी। इससे फ्लिपकार्ट के ग्राहकों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ा था। हालांकि, बाद में फ्लिपकार्ट ने अपने सभी ग्राहकों को ईमेल करके इस असुविधा के लिए माफी मांगी थी। राजन आनंदन ने कहा कि उन्होंने पिछले दो महीनों में बहुत ही अच्छी तैयारी की है, ताकि गूगल से जुड़ने वाले 450 मर्चेन्ट्स को कोई परेशानी न हो।
फ्लिपकार्ट के खिलाफ मिल चुकी हैं शिकायतें
पिछले कुछ महीनों में फ्लिपकार्ट की सेवाएं देखते हुए राजन आनंदन की बात सही लगती भी है। कुछ लोगों को फ्लिपकार्ट के डिब्बे में सामान नहीं मिला है, तो कुछ लोगों को गलत सामान डिलीवर कर दिया गया है। हाल ही में एक व्यक्ति को तीन बार पेन ड्राइव के नाम पर खाली डिब्बा दे दिया गया था, जिसके बाद उस व्यक्ति ने इसका स्टिंग करके वीडियो को वायरल कर दिया था और इसकी शिकायत भी की थी।
देना पड़ता है मार्जिन
फ्लिपकार्ट के पास खुद का काफी बड़ा कस्टमर बेस है। कुछ महीने पहले ही फ्लिपकार्ट की तरफ से बिग बिलियन डे नाम से सेल लगाई गई थी, जिससे कंपनी ने करीब 600 करोड़ रुपए की सेल की थी। आपको बता दें कि गूगल की इस महासेल में हिस्सा लेने वाली सभी कंपनियों को गूगल को अपने मुनाफे का कुछ हिस्सा देना होगा।
ऐसा करने से फ्लिपकार्ट द्वारा बेचे जा रहे प्रोडक्ट की कीमत बढ़ जाती और ग्राहकों को इसके प्रोडक्ट्स के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ती। हो सकता है कि अपने कस्टमर बेस को देखते हुए फ्लिपकार्ट ने इस महासेल में हिस्सा न लिया हो।