खुशखबरी: सिर्फ तीन घंटे में मिल जाएगा पीएफ का पैसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीएफ निकालने में की जाने वाली कागजी कार्यवाही जल्द ही इतिहास बन सकती है। ऑनलाइन आवेदन करने के महज तीन घंटे के भीतर ही पीएफ का भुगतान हो सकेगा।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) को अगले साल मार्च के अंत तक पीएफ की ऑनलाइन निकासी प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त केके जालान ने कहा कि हमने पीएफ की ऑनलाइन निकासी शुरू करने को मंजूरी के लिए श्रम मंत्रालय को पत्र लिखा है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद हमें इसके अगले साल मार्च तक शुरू होने की उम्मीद है। पांच करोड़ से अधिक खाताधारकों वाला ईपीएफओ ऐसी सुविधा देने पर काम कर रहा है जिसके तहत कर्मचारी के ऑनलाइन पीएफ दावे का निपटारा आवेदन करने के महज तीन घंटे के भीतर ही हो जाए।
एक बार इसके शुरू हो जाने के बाद खाताधारक पीएफ निकासी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है, जिससे पैसा सीधे उसके बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा।
5.6 करोड़ यूएएन नंबर जारी
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को भविष्य निधि समेत मनरेगा, जनधन योजना जैसी अन्य सरकारी योजनाओं में आधार कार्ड के स्वैच्छिक प्रयोग की अनुमति दी थी।
ईपीएफओ की वेबसाइट के अनुसार प्राधिकरण 5.6 करोड़ यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) जारी कर चुका है। इनमें से 92.88 लाख खाताधारक अपनी आधार कार्ड संख्या और 2.75 करोड़ अपने बैंक खाते की जानकारी उपलब्ध करा चुके हैं।
ईपीएफओ के आयुक्त जालान का कहना है कि हम आधार कार्ड संख्या के विवरण वाले दावों का निपटारा 20 दिन की अनिवार्य अवधि की तुलना में महज तीन दिन ही कर रहे हैं।
ईपीएफओ 64.67 लाख आधार कार्ड और 1.9 करोड़ बैंक खातों को सत्यापित कर चुका है।वर्तमान में करीब 1.99 खाताधारक अपने यूएएन को सक्रिय कर चुके हैं।