त्योहारी मांग से सोने ने बनाया रिकॉर्ड
त्योहार के सीजन में आई सोने की मांग से सोमवार को सोने ने नया रिकॉर्ड बना डाला है। सोना एक महीने के टॉप पर पहुंच गया है। त्योहारी मांग तेज होने से घरेलू सराफा बाजार में सोने के भाव 200 रुपये उछलकर करीब एक माह के टॉप 27,600 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए।
ज्वेलर्स और रिटेलर त्योहारी मांग पूरी करने के लिए खरीदारी का रुझान बनाए हुए हैं। वहीं, औद्योगिक और सिक्का निर्माताओं की मांग रहने से चांदी के भाव भी 450 रुपये बढ़कर 39,250 रुपये प्रति किलो हो गए। कारोबारियों का कहना है कि घरेलू स्तर पर खरीदारी का रुझान तेज रहने के अलावा विदेशी बाजारों में भी सोने में मजबूती का रुख रहा।
विदेशों में भी महंगा हुआ सोना
विदेशी बाजारों में सोना करीब चार सप्ताह के उच्चतम स्तर पर रहा। इसका घरेलू बाजार में कीमतों पर सकारात्मक असर हुआ। सिंगापुर में सोने के भाव 1.2 फीसदी ऊपर 1,237.86 डॉलर प्रति औंस हो गए, जो गत 17 सितंबर के बाद का शीर्ष स्तर है।
चांदी भी 0.8 फीसदी ऊपर 17.54 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई। घरेलू बाजार में सराफे में तेजी का असर सिक्कों के भाव पर नहीं हुआ। सोने की आठग्रामी गिन्नी 24,200 रुपये प्रति पर टिकी रही।
वहीं, चांदी सिक्का लिवाली भाव 68,000 और बिकवाली 69,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे। सोने की कीमतों में एक साल के भीतर में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2014 के दौरान अभी तक भारत में सोने का आयात भी घटा है।