{"_id":"05a01cfb12c514a48b1c4fcc5b8c4b9e","slug":"car-sales-dip-2-55-in-oct-as-festive-purchases-remain-subdued-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अक्तूबर में कार बिक्री 2.55 फीसदी गिरी ","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
अक्तूबर में कार बिक्री 2.55 फीसदी गिरी
नई दिल्ली/एजेंसी
Updated Tue, 11 Nov 2014 10:08 AM IST
विज्ञापन
त्योहारी सीजन के दौरान भी खरीदारी कमजोर रहने से देश में इस साल अक्तूबर में कारों की बिक्री में 2.55 फीसदी की गिरावट आई। भारतीय ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स सोसायटी (एसआईएएम) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस साल अक्तूबर में कारों की घरेलू बिक्री 1,59,036 रही। जबकि, अक्तूबर 2013 में ऑटो कंपनियों ने घरेलू बाजार में 1,63,199 कारें बेची थीं।
विज्ञापन
सिआम के डिप्टी डायरेक्टर जनरल सुगातो सेन का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस साल त्योहारी सीजन में बिक्री नरम रही। कारोबारी धारणा सकारात्मक है लेकिन जब तक अर्थव्यवस्था में वास्तविक तेजी नहीं आती, तब तक हम ऑटोमोबाइल बिक्री में बढ़ोतरी नहीं देख सकते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि बिक्री में अगले और दो महीने सुस्ती रह सकती है लेकिन अगले साल की शुरुआत से इसमें कुछ सुधार दिखाई दे सकता है। चालू वित्त वर्ष में यात्री वाहन श्रेणी और यात्री कार की बिक्री पांच फीसदी के दायरे में रहने की उम्मीद है। अगस्त में सिआम ने चालू वित्त वर्ष के दौरान यात्री वाहनों और कारों की बिक्री में 5 से 10 फीसदी की वृद्धि का अनुमान जताया था।
विज्ञापन
पिछले दो साल की मंदी के बाद देश में इस साल कारों की बिक्री मई से अगस्त के दौरान बढ़ी थी। हालांकि, सितंबर में कार बिक्री में 1.03 फीसदी की गिरावट आई।
इस साल अक्तूबर में मारुति सुजुकी इंडिया की घरेलू कार बिक्री 1.95 फीसदी बढ़कर 80,589 हो गई, जो पिछले साल इसी महीने 79,040 थी। वहीं, ह्यूंदे मोटर इंडिया की बिक्री पिछले माह 5.34 फीसदी बढ़कर 37,894 हो गई। गत वर्ष अक्तूबर में कंपनी ने 35,973 कारें बेची थीं।
हालांकि होंडा कार्स इंडिया की घरेलू बिक्री समीक्षाधीन माह में 8.45 फीसदी घटकर 10,186 पर आ गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 11,127 थी। टाटा मोटर्स की बिक्री में 12.33 फीसदी गिरावट आई। इस साल अक्तूबर में कंपनी ने 9,594 वाहन बेचे, जबकि अक्तूबर 2013 में कंपनी की 10,944 गाड़ियां बेची थीं। महिंद्रा एंड महिंद्रा की बीते माह बिक्री 13.64 फीसदी गिरकर 19,029 पर आ गई।
मोटरसाइकिल बिक्री 8.73 फीसदी घटी
सिआम के आंकड़ों के अनुसार इस साल अक्तूबर माह में मोटरसाइकिल बिक्री 8.73 फीसदी घटकर 10,08,761 पर आ गई, जो पिछले साल इसी महीने 11,05,269 थी। हीरो मोटोकार्प की बिक्री 11.42 फीसदी गिरकर 4,91,190 रह गई। पिछले साल अक्तूबर में कंपनी की बिक्री 5,54,545 थी। बजाज ऑटो की बिक्री समीक्षाधीन अवधि में 2,28,998 से घटकर 2,04,281 पर आ गई। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) की बिक्री गत माह 5.73 फीसदी घटकर 1,62,204 पर आ गई, जो अक्तूबर 2013 में 1,72,075 थी।