{"_id":"5060a1f6-75ee-11e2-8deb-d4ae52bc57c2","slug":"after-eight-months-exports-increase","type":"story","status":"publish","title_hn":"आठ महीने बाद हुई निर्यात में बढ़ोतरी","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
आठ महीने बाद हुई निर्यात में बढ़ोतरी
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 13 Feb 2013 08:31 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार आठ महीने तक गिरावट के बाद जनवरी में देश का निर्यात 0.82 फीसदी बढ़कर 25 अरब डॉलर से ऊपर पहुंच गया है। इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल और जेम्स एवं ज्वेलरी क्षेत्रों के निर्यात में सुधार की वजह से यह वृद्धि हुई है। निर्यात में बढ़ोतरी के बावजूद व्यापार घाटा काबू में आता नहीं दिख रहा है। आयात में 6.12 फीसदी की वृद्धि के चलते जनवरी में व्यापार घाटा करीब 20 अरब डॉलर रहा, जो अक्तूबर के बाद सर्वाधिक है।
विज्ञापन
वाणिज्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, गत जनवरी माह में देश का निर्यात 25.37 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 0.82 फीसदी अधिक है। लेकिन, चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल-जनवरी के दौरान देश का निर्यात गत वर्ष की तुलना में 4.86 फीसदी घटा है। वहीं, आयात लगभग समान स्तर पर है। वित्त वर्ष के पहले दस महीनों में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 167 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो गत वर्ष से 8 फीसदी अधिक है।
विज्ञापन
क्रिसिल रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि गत दिसंबर में व्यापार घाटा 17.7 फीसदी तक सीमित रहने के बाद जनवरी में यह 20 अरब डॉलर रहा है। जनवरी का व्यापार घाटा गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 13.8 फीसदी अधिक है। क्रिसिल ने आने वाले महीनों में निर्यात में सुधार की उम्मीद जताई है।
विज्ञापन
उच्च तकनीकी क्षेत्रों को बढ़ावा देना जरूरी: फिओ
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट प्रमोशन ऑर्गनाइजेशंस (फिओ) के अध्यक्ष एम. रफीक अहमद ने उच्च तकनीकी क्षेत्र के निर्यात पर जोर देने की आवश्यकता बताई है। उनका कहना है कि अमेरिका और उभरती अर्थव्यवस्थाएं सकारात्मक नतीजे प्रदर्शित कर रही हैं, जिसे देखते हुए निर्यात में बढ़ोतरी की उम्मीद है। बढ़ते व्यापार घाटे पर चिंता जाहिर करते हुए रफीक अहमद ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में यह 200 अरब डॉलर के पार पहुंच सकता है।