{"_id":"17e8cf9c-a979-11e2-93d9-d4ae52bc57c2","slug":"indians-are-on-numer-three-in-stealing-from-hotels","type":"story","status":"publish","title_hn":"गजब, होटल से लौटते हुए सामान चुरा लाते हैं भारतीय","category":{"title":"Bizarre News Archives","title_hn":"हटके खबर आर्काइव","slug":"bizarre-news-archives"}}
गजब, होटल से लौटते हुए सामान चुरा लाते हैं भारतीय
मेलबर्न।
Updated Sat, 20 Apr 2013 10:43 AM IST
विज्ञापन
कोई होटल जाता है आराम और मेहमान नवाजी का लुत्फ उठाने के लिए। लेकिन कुछ लोग होटल से लौटते हुए धन्यवाद बोलने की बजाय होटल से कीमती सामान चुरा लाते हैं। आश्चर्य की बात ये है कि होटलों के सामान पर हाथ साफ करने वाले दुनियाभर के पर्यटकों में भारतीय पर्यटक तीसरे पायदान पर हैं।
विज्ञापन
वैश्विक स्तर पर किए गए एक सर्वे में यह बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक 38 फीसदी भारतीयों ने इस बात को स्वीकार किया है कि उन्होंने होटलों से कई वस्तुओं को चुराया है।
विज्ञापन
ऑनलाइन होटलों की बुकिंग कराने वाली फर्म होटल्स डॉट कॉम द्वारा कराए गए इस सर्वे में यह बात सामने आई है कि दुनियाभर के करीब 35 फीसदी पर्यटक होटल के कई सामान जैसे, आलीशान कपड़े, कॉफी मग, कीमती पेंटिंग, लैंप, चादर और तौलिए आदि सामान चुरा लेते हैं।
विज्ञापन
सर्वे में पाया गया कि कोलंबिया से छुट्टी मनाने के लिए दुनियाभर के होटलों में रुकने वाले लोग सबसे ज्यादा होटलों की वस्तुओं पर हाथ साफ करते हैं। कोलंबिया के करीब 57 फीसदी लोगों ने माना है कि उन्होंने कई बार होटलों से सामान की चोरी की है।
वहीं, मैक्सिको के 40 फीसदी लोगों ने चोरी की बात को स्वीकारा है, जबकि भारत के 38 फीसदी लोगों ने होटलों की चीजें उठाने की बात स्वीकार की है। सर्वे के मुताबिक मैगजीन और किताबें तो ज्यादातर लोग उठा ही लेते हैं।
सर्वे में डेनमार्क के पर्यटकों को सबसे ईमानदार पाया गया, इनमें से करीब 88 फीसदी लोगों ने होटल के किसी सामान को उठाने की बात से इंकार किया है।
वहीं, अमेरिका और चीन के करीब 34 फीसदी पर्यटक द्वारा होटलों की वस्तुएं चुराने की बात सामने आई है। ब्रिटेन के भी करीब 26 फीसदी पर्यटकों ने होटल के सामान को चुराने की बात मानी है।