फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   Astrology Archives ›   security beefed up on mauni amawashya

मौनी अमावस्या: किले जैसी होगी मेले की सुरक्षा

Sat, 02 Feb 2013 10:46 AM IST
महाकुंभ नगर/अमर उजाला ब्यूरो
महाकुंभ नगर/अमर उजाला ब्यूरो Updated Sat, 02 Feb 2013 10:46 AM IST
विज्ञापन
security beefed up on mauni amawashya
महाकुंभ के प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर शासन बेहद गंभीर है। शुक्रवार को डीजीपी एसी शर्मा और प्रमुख सचिव गृह आरएन श्रीवास्तव ने कहा कि इस स्नान पर सुरक्षा का खाका तैयार हो चुका है। मौनी अमावस्या पर कुंभ मेले में किसी किले की तरह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां पूरी सतर्कता से तालमेल बना सूचनाओं का आदान-प्रादान कर रही हैं। मेले में देश भर से आए सैकड़ों गुप्तचर, स्पार्टर्स और पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में घूम रहे हैं।
विज्ञापन


मौनी अमावस्या पर उमड़ने वाले करोड़ों स्नानार्थियों की हिफाजत के लिए पैरा मिलेट्री फोर्स की कई और टुकड़ियां कुंभ मेले में तैनात कर दी गई हैं। आठ फरवरी को एंटी टेररिस्ट स्कवॉयड, स्पेशल टॉस्क फोर्स, इंटेलीजेंस ब्यूरो के आईजी आधुनिक उपकरणों तथा हथियारों से लैस कमांडों के साथ मेले में सक्रिय हो जाएंगे।
विज्ञापन


मौनी अमावस्या से एक दिन पहले से ही मेले के सभी इंट्री प्वाइंट पर सघन चेकिंग होगी। कोशिश होगी कि हर शख्स पुलिस की निगरानी से गुजरे। हर आम और खास की जांच होगी। मीडिया की भी गाड़ियों की तलाशी होगी। डीजीपी के मुताबिक, उन्होंने कह दिया कि है कि मैं आऊं तो मेरी भी गाड़ी चेक की जाए। सीसी कैमरों की फुटेज की निगरानी की जाएगी। डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह ने कहा कि मेले में चोरों की धरपकड़ हो रही है। महाकुंभ मेले में सुरक्षा पर खासा जोर दिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आठ से 12 तक न आएं वीआईपी
मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता के दौरान डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह ने कहा कि मौनी अमावस्या पर करोड़ों स्नानार्थियों और पर्यटकों की भीड़ के मद्देनजर आठ से 12 फरवरी तक मेले में वीआईपी की नो इंट्री रहेगी।

बसंत पंचमी पर भी 14 से 16 तक वीआईपी नहीं आएं तो बेहतर होगा। इस बारे में आग्रह किया जा चुका है क्योंकि भीड़ के चलते पुलिस महानुभावों के लिए व्यवस्था नहीं कर सकेगी। वीआईपी की खातिरदारी के फेर में स्नानार्थियों की अनदेखी नहीं हो सकती।

कोशिश है कि पैदल न चलना पड़े ज्यादा
डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह के सामने यह मसला भी उठा कि स्नान पर्व पर एक दिन पहले से आठ किलोमीटर दूर से सभी सवारी गाड़ियों  पर प्रतिबंध से स्नानार्थियों को बहुत पैदल चलना पड़ता है। पुलिस तो 15-18 किलोमीटर पहले ही गाड़ियां रोकने लगती है। ऐसे में बुजुर्गों-विकलांगों के लिए गंगा स्नान में बाधा आती है। उन्हें घाट तक पहुंचाने की कुछ तो व्यवस्था करनी चाहिए। इस पर अफसरों ने कहा कि अलग से कुछ व्यवस्था करना संभव नहीं है पर यह कोशिश जरूर की जा रही है कि स्नानार्थियों को ज्यादा पैदल नहीं चलना पड़े। इरादा यही है कि स्नान के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग मेले में आएं। इसके लिए यातायात व्यवस्था से जुड़ी रणनीति में बदलाव लाएंगे।

अवैध उगाही रोकने के लिए आएगी टीम
दूर-दूर से आ रहे स्नानार्थियों की गाड़ियों को कुंभ मेले से कई किलोमीटर पहले बैरियर पर रोककर परमिट नहीं होने के नाम पर धन उगाही की शिकायत पर डीजीपी नाराज हुए। उन्हें बताया गया कि पुलिस गाड़ियों से तीन सौ से पांच तक धन वसूली कर रही है। डीजीपी ने कहा कि उगाही करने वाले पुलिसवालों को दबोचने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो की दो-तीन टीम जल्द ही मेले में आएंगी। नावों से गुंडा टैक्स वसूली पर भी रोक लगाने को कह दिया गया है।

ईशान कोण में खोजे जा रहे परिपूर्णानंद
कुंभ मेले से तकरीबन सवा महीने पहले लापता अनशनरत साधु परिपूर्णानंद की बरामदगी में पुलिस की नाकामी पर डीजीपी ने कहा कि खोजबीन हो रही है। स्वामी परिपूर्णानंद के गुरू ने इशारा किया है कि वह ईशान कोण की ओर कहीं मौजूद हैं। ऐसे में एसटीएफ उनकी बात को ध्यान में रखकर ईशान कोण की तरफ भी खोज रही है।


आग न लगे इसलिए खुद बरतें सावधानी
महाकुंभ मेले में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रयास हो रहे हैं। डीजीपी ने कहा कि कमजोर वायरिंग और घटिया सिलेंडर और रेग्यूलेटर के चलते ज्यादातर अग्नि हादसे हो रहे हैं। इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान और कार्रवाई की जा रही है। जरूरत यह भी है कि लोग खुद भी सावधानी बरतें ताकि आग नहीं लग पाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed