अब स्टूडेंट्स स्मार्ट फोन से भी कर सकेंगे आवेदन
- विभिन्न पाठ्यक्रमों की आवेदन प्रक्रिया शुरू
- नई डिजाइन की वजह से वेबसाइट हो गई है हल्की
- सोमवार से ये पंजीकरण के लिए उपलब्ध
विस्तार
लखनऊ विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के आवेदन फॉर्म भरने के लिए अब साइबर कैफे, कंप्यूटर या लैपटॉप की जरूरत नहीं है।
अभ्यर्थी स्मार्ट फोन से ही आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए विवि ने नए सिरे से अपनी वेबसाइट डिजाइन करवाई है। रविवार को इसका ट्रायल पूरा हो गया।
सोमवार से स्टूडेंट्स के लिए आवेदन फॉर्म स्मार्ट फोन से भरने के लिए उपलब्ध होगा। विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
आवेदन फॉर्म केवल ऑनलाइन ही भरा जा सकता है। ज्यादातर अभ्यर्थियों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है। इसके मुकाबले स्मार्ट फोन रखने वाले अभ्यर्थियों की संख्या काफी है।
वेबसाइट को कराया है नए सिरे से डिजाइन
इसको ध्यान में रखते हुए विवि के एडमिशन कोऑर्डिनेटर प्रो. अनिल मिश्रा ने इस साल वेबसाइट को नए सिरे से डिजाइन कराया है।
नई डिजाइन की वजह से विवि की वेबसाइट स्मार्ट फोन पर अच्छी तरह से खुल रही है। अभी तक मोबाइल फोन पर वेबसाइट ओपन करते समय पूरा पेज एक साथ नहीं दिखता था।
नई डिजाइन की वजह से वेबसाइट हल्की हो गई है। इस वजह से मोबाइल पर आसानी से खुल पा रही है। एलयू के एडमिशन कोऑर्डिनेटर, प्रो. अनिल मिश्रा का कहना है घर में लैपटॉप और कंप्यूटर भले न हो, लेकिन आजकल ज्यादातर युवाओं के पास स्मार्ट फोन हैं।
इसलिए हमने वेबसाइट को इस ढंग से डिजाइन कराया है कि पूरा फॉर्म मोबाइल फोन पर ही भरा जा सके। दो दिन से इसका ट्रायल चल रहा था। सोमवार से ये पंजीकरण के लिए उपलब्ध होगी।