राजधानी के स्कूलों में आज से होगा नए सत्र का आगाज
- नए सत्र को लेकर बच्चों में उत्साह
- किताबों, ड्रेस व स्टेशनरी की दुकानों में भारी भीड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी में चलने वाले इंटरमीडिएट तक के स्कूल व कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2016-17 का आगाज शुक्रवार से होगा। वैसे तो कुछ स्कूलों ने अपने यहां पहले ही कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया है, लेकिन अधिकतर एक अप्रैल से ही नया सत्र शुरू करने जा रहे हैं।
सीबीएसई, सीआईएससीई और यूपी बोर्ड के रिजल्ट आना भले ही अभी बाकी हों लेकिन इनके नए सत्र की पढ़ाई शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। स्कूल खुलने के लेकर छात्रों में गजब का उत्साह है।
किसी को अपने दोस्तों से मिलने का इंतजार है तो कोई नए स्कूल में पहली बार जाने वाला है। हालांकि, कुछ स्कूल ऐसे भी हैं जो इसके बाद खुलेंगे।
गुरुवार को शहर में किताब, स्टेशनरी, ड्रेस की दुकानों में सुबह से लेकर देर रात तक भीड़ बनी रही। अभिभावक अपने काम छोड़कर बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी करते नजर आए। विवेक खंड से अमीनाबाद बुक मार्केट में आए रजनीश दुबे ने बताया कि उनके दोनों बच्चों का स्कूल शुक्रवार से खुल रहा है।
वैसे तो अधिकतर सामान पहले ही ले जा चुके हैं, लेकिन कुछ किताबें पहले नहीं मिलने की वजह से ऑर्डर दिया था, जिनको लेने आना पड़ा। साथ ही इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि कहीं कोई चीज छूट न जाए।
किताबों व स्टेशनरी की कीमतों में हुई वृद्धि
उन्होंने डिजाइनर पेन खरीदे। गुरुवार को किताब, ड्रेस व स्टेशनरी की दुकानों पर इतनी भीड़ रही कि लोगों को अपनी बारी के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ा।
एक तरफ बच्चों में नए सत्र को लेकर उत्साह है तो दूसरी ओर अभिभावकों की जेब ढीली हो रही है। एसकेडी एकेडमी, सेंट जोजफ कॉलेज, विद्याट्री मॉडर्न वर्ल्ड कॉलेज, सेंट फ्रांसिस कॉलेज, लखनऊ पब्लिक स्कूल व कॉलेजेज, द लखनऊ पब्लिक कॉलेजिएट, अवध कॉलेजिएट सहित राजधानी के अधिकतर स्कूल-कॉलेजों ने अपने यहां 5 से 15 फीसदी तक शुल्क वृद्धि की है।
इस पर विद्यालयों का तर्क है कि शिक्षकों की फीस व महंगाई बढ़ने के कारण इतनी वृद्धि करना उनकी मजबूरी है। इसी तरह किताबों और स्टेशनरी की कीमतों में भी काफी वृद्धि हुई है।
15 फीसदी तक बढ़ी ब्रांडेड कंपनियों की कापियां
निशातगंज स्थित किताबों व स्टेशनरी के थोक व फुटकर विक्रेता नितिन ने बताया कि किताबों के दाम में जहां 10 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हुई है, वहीं कॉपियों में तो ब्रांडेड कंपनियों ने 15 फीसदी तक दाम बढ़ा दिए हैं।
लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा चार की फीस पहले 3200 थी। अब 3600 हो गयी है। आरएलबी स्कूल के कक्षा सात की फीस पहले 1600 थी। अब 1750 हो गयी है। सीएमएस स्कूल के कक्षा नर्सरी, केजी की (ट्यूशन फीस)पहले 1800 थी। अब 2000 हो गयी है।
सेंट जोजफ कॉलेज स्कूल के कक्षा नर्सरी की फीस पहले 1000 थी। अब 1100 हो गयी है।
पायनियर कॉलेज के कक्षा नर्सरी की फीस पहले 850 थी। अब 950 हो गयी है। पायनियर कॉलेज के सीनियर क्लासेज की फीस पहले 1600 थी। अब 1800 हो गयी है। क्राइस्ट चर्च (वार्षिक)के कक्षा प्री प्राइमरी की फीस पहले 20000 थी। अब 22000 हो गयी है।
(नोट: क्राइस्ट चर्च को छोड़कर सभी फीस प्रतिमाह हैं।)