लखनऊ की नेहा मिश्रा को निफ्ट में मिली ऑल इंडिया में पहली रैंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के नामी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) में दाखिले के लिए हुई प्रवेश परीक्षा में राजधानी की नेहा मिश्रा को ऑल इंडिया में पहली रैंक मिली है। बैचलर ऑफ डिजाइन कोर्स के बाद नेहा इसी फील्ड में पीजी कर फैशन इंडस्ट्री में नाम कमाना चाहती हैं।
नेहा ने बताया कि वह पहले किसी कंपनी के साथ जुड़कर जॉब करेंगी इसके बाद खुद का काम करना चाहती हैं। नेहा के अनुसार उनकी सफलता का सबसे बड़ा कारण यह है कि अपनी हॉबी को ही प्रोफेशन के लिए चुना।
बालागंज निवासी नेहा के पिता डॉ. राजेश मिश्रा राजधानी के एक हॉस्पिटल में एनेस्थेसिस्ट और मां डॉ. पूनम मिश्रा गाइनाकोलॉजिस्ट हैं। नेहा को हमेशा से ही ड्राइंग में इंटरेस्ट था। कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि फैशन डिजाइनिंग की फील्ड उनके लिए बेहतर रहेगी।
बस इस पर रिसर्च शुरू कर दिया और आखिरकार पहली रैंक के साथ दाखिला भी सुनिश्चित किया। नेहा अपनी पीजी इटली से करना चाहती हैं। हालांकि, वह यह भी कहती हैं कि यूजी में चार साल बीतने तक जो ट्रेंड होगा, वही आगे का कॅरिअर भी तय करेगा।
मैथ्य और इंग्लिश भी होनी चाहिए बेहतर
नेहा कहती हैं कि फैशन डिजाइनिंग में आना हो तो सिर्फ अच्छी आर्ट से काम नहीं चलता। कुछ लोगों को लगता है कि आर्टिस्ट हैं तो फैशन डिजाइनिंग में आसानी से आ सकते हैं, लेकिन असल में इसके साथ क्रिएटिविटी और आइडिया होना भी जरूरी है।
साथ ही प्रवेश परीक्षा में सफलता के लिए मैथ्स, इंग्लिश भी अच्छी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निफ्ट में दो लेवल होते हैं। यदि पहला लेवल क्लियर हो भी जाए तो दूसरे लेवल के लिए भी उतनी ही मेहनत जरूरी है।
बहुत से अभ्यर्थी यह सोचते हैं कि पहला पेपर जिसमें 80 नंबर मिलने हैं वह अच्छा हो जाए बस। दूसरा तो 20 नंबर का है इसलिए कम ध्यान देते हैं, जबकि रैंक दोनों को मिलाकर बनती है। नेहा के अलावा राजधानी से और भी कई स्टूडेंट्स ने परीक्षा को उत्तीर्ण किया है।