लखनऊ विश्वविद्यालय: छात्रों के प्रदर्शन से प्रशासन बैकफुट पर, चार प्रश्नपत्रों की परीक्षा फिर स्थगित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन के आगे बुधवार को लविवि प्रशासन बैकफुट पर आ गया। लविवि प्रशासन ने एलएलबी थ्री ईयर के तीसरे सेमेस्टर के शुरुआती चार पेपर की परीक्षा स्थगित कर विद्यार्थियों को अपना प्रत्यावेदन देने को कहा है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा ने बुधवार देर शाम चार प्रश्नपत्रों की परीक्षा स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया।
इस आदेश में विद्यार्थियों को 31 जनवरी तक प्रत्यावेदन देने के लिए कहा गया है। इन प्रत्यावेदन पर विचार करने के बाद विवि प्रशासन अंतिम फैसला करेगा कि एलएलबी थ्री ईयर के तीसरे सेमेस्टर के पहले हो चुके चार प्रश्नपत्रों की परीक्षा फिर से करानी है या नहीं।
लविवि की परीक्षा समिति की बैठक में तीन जनवरी को आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए एलएलबी थ्री इयर के तीसरे सेमेस्टर की पूरी परीक्षा स्थगित कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया था। इन पेपर की परीक्षा 10 जनवरी से प्रस्तावित थी। इसके बाद विद्यार्थियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया था। उनका कहना था कि अगर पेपर लीक हुआ है तो फिर दोषियों को सजा दी जाये। अगर पेपर लीक नहीं हुआ है तो फिर केवल शुचिता की बात कहते हुए विद्यार्थियों को परेशान न किया जाए। एलएलबी की परीक्षा नौ जनवरी से होनी थी। इससे पहले बुधवार को विद्यार्थियों ने पुराने परिसर में गेट नंबर एक पर जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने इसके बाद कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय से मुलाकात की। इसका असर यह हुआ कि विवि प्रशासन ने परीक्षा स्थगित करके विद्यार्थियों से प्रत्यावेदन मांगे हैं।
तय समय पर होंगी बाकी परीक्षाएं
लविवि प्रवक्ता संजय मेधावी ने कहा कि परीक्षा समिति ने एलएलबी थ्री इयर के तीसरे सेमेस्टर की पूरी परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया था, लेकिन विद्यार्थियों को नहीं सुना गया था। विद्यार्थियों की बात सुनना भी जरूरी है। इसलिए शुरुआती चार प्रश्नपत्रों की परीक्षा स्थगित की जा रही है। बचे हुए तीन पेपर विद्यार्थियों को देने हैं। उनकी परीक्षा तय समय से होगी। 31 जनवरी तक विद्यार्थियों से प्रत्यावेदन लेने के बाद ही अंतिम फैसला किया जाएगा।