यूपी बोर्डः स्कूलों में व्हाट्सएप से दाखिले के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन में बंद यूपी बोर्ड के सभी स्कूलों में अब व्हाट्सएप के जरिये छात्रों का दाखिला किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इसकी अनुमति जारी कर दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पहले ही कक्षा 6, 7, 8, 9 और 11 के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने के निर्देश दे दिए हैं।
स्कूल प्रबंधक ऐसे छात्रों को व्हाट्सएप के जरिए अगली कक्षा में दाखिला दे सकते हैं। इसके लिए स्कूल प्रबंधन प्रधानाचार्य और शिक्षक के मोबाइल नंबर का प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।
मोबाइल नंबर के जरिए छात्रों का दाखिला व्हाट्सएप पर कर सकते हैं। व्हाट्सएप पर ही छात्रों का ब्यौरा दे सकते हैं और प्रोविजनल तौर पर दाखिला दे सकते हैं।
स्कूल खुलने के बाद लग सकती है कागजी कार्रवाई पर मुहर
जुलाई माह में स्कूल खुलने के उपरांत प्रबंधन दाखिले की कागजी कार्रवाई कर उस पर मुहर लगा सकता है। इसके साथ ही दाखिला दिए गए छात्रों को स्कूल ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था से जोड़ सकता है।
ऑनलाइन वर्चुअल क्लास के लिए जो व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है उस पर दाखिले लिए हुए छात्रों को जोड़कर ऑनलाइन शिक्षा का लाभ देने का निर्देश दिया गया है।
अमीनाबाद ने शुरू की प्रवेश प्रक्रिया
सहायता प्राप्त विद्यालय अमीनाबाद इंटर कॉलेज ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। प्रधानाचार्य साहेब लाल मिश्रा ने बताया कि कक्षा 12 तक में छात्र प्रवेश ले सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने इसके लिए मोबाइल नंबर 9452275340 और 6389300182 जारी किया है। उन्होंने बताया कि छात्र पेपर पर अपना और पिता का नाम, जिस कक्षा में प्रवेश लेना चाहता है, मोबाइल नंबर, आधार नंबर आदि लिखकर व्हाट्सएप कर सकता है। उन्होंने बताया कि छात्र को ऑनलाइन ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन शिक्षा भी दी जाएगी।