एकेटीयूः 5000 स्टूडेंट्स का नामांकन हो सकता है रद्द, फॉर्म में मिली गड़बड़ियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध कॉलेजों के करीब 5,000 स्टूडेंट्स का नामांकन रद्द हो जाएगा। इन छात्रों के नामांकन फॉर्म में कई गड़बड़ियां हैं, जिन्हें दुरुस्त कराने के लिए एकेटीयू ने कॉलेजों को बुधवार तक का समय दिया था।
इसके बावजूद विभिन्न कॉलेजों ने इन स्टूडेंट्स के मूल प्रमाण पत्र विवि को उपलब्ध नहीं कराए। जबकि विवि में देर रात तक स्टूडेंट्स के मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया गया।
दर्जनों कॉलेजों के प्रतिनिधि बुधवार को स्टूडेंट्स के मूल प्रमाण पत्रों के साथ विवि पहुंचे। रजिस्ट्रार कार्यालय व कई अन्य कार्यालयों में इनके दस्तावेज सत्यापन कराकर अपलोड किए गए।
जानकारी के अनुसार, अब तक लगभग 14-15 हजार स्टूडेंट्स के ही डाक्यूमेंट जमा किए गए हैं। सत्यापन की यह प्रक्रिया 27 फरवरी से चल रही है। बता दें, एकेटीयू प्रशासन ने नामांकन फॉर्म में पूरे और सही दस्तावेज न लगाने के कारण 19,834 स्टूडेंट्स का नामांकन निलंबित कर दिया था।
15-16 मार्च को सत्यापन का एक और मौका
कॉलेज प्रशासन को इन स्टूडेंट्स के मूल प्रमाण पत्र के साथ विश्वविद्यालय में संपर्क कर सत्यापन कराने का निर्देश दिया था। रजिस्ट्रार पवन कुमार गंगवार ने कहा कि जिन भी विद्यार्थियों के नामांकन फॉर्म से संबंधित दस्तावेज नहीं जमा कराए जाएंगे, उनका नामांकन निरस्त कर दिया जाएगा।
कितने विद्यार्थियों के कागजात नहीं जमा हुए, सटीक आंकड़ा बृहस्पतिवार को पता चलेगा। रजिस्ट्रार ने बताया कि कई कॉलेजों ने अनुरोध किया कि होली का पर्व पास होने के चलते बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स अपने घर चले गए हैं।
इस वजह से उनके मूल प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहे हैं। लिहाजा उन्हें एक और मौका दिया जाए। इसे देखते हुए 15-16 मार्च को एक और मौका दिया जाएगा। इसके बाद फिर कोई मौका नहीं दिया जाएगा।