लखनऊ यूनिवर्सिटी की सेमेस्टर परीक्षाएं अप्रैल-मई में, आवेदन शुरू
लखनऊ यूनिवर्सिटी एक तरफ 16 मार्च से वार्षिक परीक्षाएं शुरू कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ सम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी अप्रैल-मई में प्रस्तावित कर दी गई हैं। यूजी-पीजी व डिप्लोमा कोर्सों की सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए परीक्षा फॉर्म भी बृहस्पतिवार से भरे जाने शुरू हो गए। सेमेस्टर परीक्षाओं में विश्वविद्यालय व सहयुक्त महाविद्यालयों के हजारों विद्यार्थी शिरकत करेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम (दूसरे व चौथे सेमेस्टर), पीजी, मैनेजमेंट पीजी, पीजी डिप्लोमा, लॉ तीन वर्षीय व ऑनर्स, डिप्लोमा, बीकॉम ऑनर्स, बीसीए, एमसीए, बीएससी, एमएससी एग्रीकल्चर की सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन विवि की वेबसाइट lkouniv.ac.in के माध्यम से किए जा सकते हैं।
इसके साथ ही अन्य सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के नियमित, बैक पेपर, इंप्रूवमेंट व इक्जेंपटेड परीक्षा अप्रैल-मई के लिए भी ऑनलाइन आवेदन बिना विलंब शुल्क के 5 अप्रैल तक भरे जाएंगे।
semester exams of lucknow university
ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरकर डीन कार्यालय में करना है जमा
परीक्षा नियंत्रक डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थियों को यूजीसी के निर्देशानुसार परीक्षा फॉर्म भरने के लिए नैड आईडी होना जरूरी है। जिन विद्यार्थियों के पास नैड आईडी नहीं है वे एनएसडीएल की वेबसाइट पर जाकर अपनी आईडी बना लें। विवि के नियमित छात्रों को सिर्फ ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरकर डीन कार्यालय में जमा करना है।
उन्हें परीक्षा शुल्क जमा नहीं करना है। जबकि विवि के बैक पेपर, इंप्रूवमेंट, भूतपूर्व छात्रों को ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के साथ ही शुल्क ऑनलाइन जमा करके डीन कार्यालय में फॉर्म जमा करना है। उन्होंने बताया कि डीन कार्यालय ऑनलाइन फॉर्मों को 9 अप्रैल तक परीक्षा विभाग में जमा कराएगा। इसी तरह सहयुक्त कॉलेजों के छात्र ऑनलाइन भरे परीक्षा फॉर्म का प्रिंटआउट व परीक्षा शुल्क कॉलेज में जमा कराएंगे।
एमए-एमएससी इलेक्टिव पेपर 24 को
विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। प्रॉक्टर प्रो. दिनेश कुमार ने बताया है कि विवि में विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ सुबह 7.30 बजे से गेट नंबर 1, 2, 4 व 5 से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा कार्य में लगे शिक्षक-कर्मचारी गेट नंबर 2-4 से प्रवेश करेंगे।
विद्यार्थी किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल, पाठ्य सामग्री न लाएं। इस सामग्री को मुख्य द्वार के बाहर रखवा दिया जाएगा, जिसकी सुरक्षा की कोई जिम्मेदारी विश्वविद्यालय की नहीं होगी। परीक्षा अवधि में परिसर में अनाधिकृत प्रवेश पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विवि के गणित विभाग की ओर से एमए-एमएससी दूसरे व चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के इलेक्टिव पेपर 24 मार्च को सुबह 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम शर्मा के अनुसार विद्यार्थी निर्धारित विभाग में निर्धारित समय पर उपस्थित हों।