सीपीएमटी परीक्षा की आवेदन तिथि घोषित, यहां देखें डिटेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अवध विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तावित और महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण द्वारा अनुमोदित सीपीएमटी 2016 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके लिए आवेदन 10 मार्च से शुरू होगा। प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 15 जिलों में स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 17 मई को होगी।
सीपीएमटी-2016 के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूर्णतया ऑनलाइन होगी। आवेदन प्रक्रिया क्रमागत रूप से तीन चरणों में विभक्त है। प्रथम चरण में आवेदक को सीपीएमटी की वेबसाइट www.cpmtup2016.org पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
इसके बाद दूसरे चरण में ऑनलाइन (क्रेडिट/डेबिट कार्ड/नेट बैंकिंग के माध्यम से) अथवा ऑनलाइन जनरेटेड बैंक चालान के माध्यम से फीस जमा करनी होगी। तीसरे चरण में आवेदक को ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। उक्त तीनों चरण क्रमागत रूप से संपन्न होंगे। एक चरण के पश्चात अगले चरण से संबंधित प्रक्रिया आवेदक अगले कार्य दिवस में ही संपन्न कर सकेगा।
ज्ञात हो कि वर्ष 2016 के लिए उत्तर प्रदेश के राजकीय एवं मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएचएमएस, बीएएमएस व बीयूएमएस पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आयोजित कम्बाइंड प्री मेडिकल टेस्ट-2016 के आयोजन की जिम्मेदारी शासन ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद को प्रदान की है।
समस्याओं के लिए हेल्पलाइन सुविधा
विवि के कुलपति प्रो. जीसीआर जायसवाल के मुताबिक सीपीएमटी-2016 प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में आवेदक 10 मार्च से 12 अप्रैल 2016 के बीच रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सम्पन्न कर सकते हैं। दूसरे चरण में 11 मार्च से 13 अप्रैल 2016 तक ऑनलाइन फीस जमा की जा सकती है और 12 मार्च से 15 अप्रैल 2016 तक तीसरे चरण के तहत आवेदकों द्वारा ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकते हैं।
सीपीएमटी-2016 के लिए आवेदन करने वाले समस्त अभ्यर्थी अपना ऑनलाइन प्रवेश पत्र 11 मई से 16 मई 2016 तक सीपीएमटी वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा परिणाम एक जून 2016 तक घोषित कर दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को आवेदन व काउंसलिंग संबंधी संपूर्ण कार्यक्रम व प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए संबंधित वेबसाइट पर विस्तृत विवरण पुस्तिका की ऑनलाइन प्रति भी उपलब्ध कराई जा रही है। आवेदक सीपीएमटी की आधिकारिक वेबसाइट www.cpmtup2016.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन व ई-मेल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।