एकेटीयू : 28 दिसंबर से शुरू होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में पहले फाइनल व थर्ड ईयर के विद्यार्थियों की परीक्षा 28 दिसंबर से होगी। कुछ छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षाओं की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की सेमेस्टर की रेगुलर व कैरी ओवर परीक्षाएं 28 दिसंबर से होगी। हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण प्रवेश प्रक्रिया काफी देर तक चली, जिसके कारण परीक्षाएं भी लगभग ढाई महीने चलेंगी। तीन घंटे की ऑफलाइन लिखित परीक्षाएं होगी। हालांकि ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए कुछ छात्र परीक्षाओं के ऑनलाइन व बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। वे ट्वीटर पर इसके लिए लगातार विवि प्रशासन को टैग कर अपनी मांग रख रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यूजी-पीजी कोर्सों की परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी के अनुसार पहले व तीसरे सेमेस्टर (लेटरल एंट्री छोड़कर) की ऑफलाइन परीक्षाएं 28 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच आयोजित की जाएंगी, जबकि पहले व तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं इसके बाद होगी, जिनका परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विषम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया चल रही है। अब तक लगभग 80 हजार विद्यार्थियों ने फॉर्म भरे हैं। विद्यार्थियों की मांग पर इसकी तिथि 20 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। विद्यार्थी जल्द से जल्द अपना परीक्षा फॉर्म भरना सुनिश्चित करें। इसके बिना परीक्षा में शामिल हो पाना संभव नहीं होगा। परीक्षा कार्यक्रम को लेकर कोई आपत्ति हो तो ई-मेल पर 14 दिसंबर तक सूचित करें।
परीक्षा केंद्रों की सूची भी जारी
एकेटीयू ने परीक्षाओं के लिए केंद्रों की सूची भी जारी कर दी है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा केंद्र को लेकर कोई आपत्ति हो तो इसे 17 दिसंबर तक ई-मेल के माध्यम से सूचित किया जा सकता है।
एएमएस की बाध्यता फॉर्म भरने में समाप्त
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए फॉर्म भरने में एएमएस की बाध्यता समाप्त की गई है, लेकिन निर्धारित अटेंडेंस पूरी न करने पर विद्यार्थी का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी निर्बाध रूप से परीक्षा फॉर्म भरें। बता दें कि अटेंडेंस को लेकर काफी शिकायतें थीं कि कॉलेज विद्यार्थियों को इसके लिए परेशान करते हैं। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।