LU: अगले माह मिड सेमेस्टर परीक्षा, तय नहीं है परीक्षा का प्रारूप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों में पूरी तरह से सेमेस्टर प्रणाली लागू हो चुकी है। अगले महीने मिड सेमेस्टर और नवंबर में पहले सेमेस्टर की परीक्षा होनी है। इसके बावजूद लविवि प्रशासन अभी तक परीक्षा के प्रारूप पर सहमति नहीं बना पाया है।
अभी तक इस पर चर्चा ही चल रही है कि परीक्षा लिखित प्रणाली पर होगी या फिर बहुविकल्पीय (ओएमआर शीट पर)। विवि के साथ ही कॉलेजों में भी पढ़ाई शुरू हो चुकी है। स्थिति स्पष्ट न होने से परीक्षा से पहले ही विद्यार्थी मिड सेमेस्टर को लेकर चिंता में हैं।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने सभी विश्वविद्यालयों को पूरी तरह से सेमेस्टर प्रणाली लागू करने को कहा है। पिछली बार नैक की ग्रेडिंग केे दौरान विवि को पूरी तरह से सेमेस्टर प्रणाली लागू न होने का खामियाजा भी भुगतना पड़ा था।
एलयू को उस समय नैक की ग्रेडिंग में बी ग्रेेड से संतोष करना पड़ा था। लविवि में परास्नातक स्तर पर काफी समय से सेमेस्टर प्रणाली लागू है। इस साल स्नातक स्तर पर भी पूरी तरह से सेमेस्टर प्रणाली लागू की गई है। विवि ने सेमेस्टर प्रणाली में हर पेपर में 80 नंबर की थ्योरी और 20 नंबर के सेशनल के आधार पर सिलेबस तैयार कराया है।
सेशनल परीक्षा ऑनलाइन कराने का प्रस्ताव
स्नातक परीक्षा के बाद जल्द रिजल्ट निकालने के लिए विषम सेमेस्टर की परीक्षा लिखित और सम सेमेस्टर की परीक्षा ओएमआर शीट पर कराने की बात कही गई थी। इसको लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसलिए शिक्षक भी नहीं समझ पा रहे कि वे विद्यार्थियों के सवालों का क्या जवाब दें।
सेमेस्टर प्रणाली में मिड सेमेस्टर यानी सेशनल परीक्षा ऑनलाइन कराने का प्रस्ताव है। जिन पाठ्यक्रमों में पहले से सेमेस्टर प्रणाली लागू है, वहां इस समय सेशनल परीक्षा लिखित प्रणाली पर होती है।
ऑनलाइन परीक्षा में इसे बहुविकल्पीय आधार पर कराने का प्रस्ताव है। इसके लिए हर कॉलेज में करीब 50 सिस्टम की कंप्यूटर लैब स्थापित करने की योजना बनाई गई थी। बहरहाल इस पर भी अभी तक अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।
स्नातक में सेशनल के 20 नंबरों में भी काफी वर्गीकरण किया गया है। 20 में से 10 नंबर इंटरनल असेसमेंट के होंगे। बाकी के 10 प्रोजेक्ट के साथ ही अन्य गतिविधियों जैसे-एनसीसी, एनएसएस, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए निर्धारित किए जाएंगे।
दो दिन में कैसे तैयार होगी फाइल
मंथन चल रहा है
परीक्षा प्रणाली को लेकर अभी हमारा मंथन चल रहा है। बैकपेपर परीक्षा के बाद इस पर प्राचार्यों, विभागाध्यक्षों और संकायाध्यक्षों के साथ बैठक की जाएगी। इसके बाद परीक्षा प्रणाली की घोषणा कर दी जाएगी। - प्रो. एनके पांडेय, प्रवक्ता, लविवि