नहीं बंद होंगे बीबीएयू के कोर्स, छात्रों के विरोध के आगे झुका प्रशासन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में नए सत्र 2018-19 में कोई भी कोर्स बंद नहीं होगा। बीटेक व अन्य कोर्स बंद करने के खिलाफ सोमवार सुबह से ही काफी संख्या में एकत्र छात्रों ने अंबेडकर भवन गेट पर धरना शुरू किया।
शाम को प्रॉक्टर प्रो. रामचंद्रा, निदेशक प्रो. कमान सिंह छात्रों के बीच पहुंचे और आश्वस्त किया कि कोई भी कोर्स बंद नहीं किया जाएगा। तय हुआ कि जिन कोर्सों में निर्धारित सीटों के सापेक्ष 50 फीसदी से कम आवेदन होंगे, उन पर प्रवेश नहीं होगा।
विवि द्वारा गठित कमेटी की रिपोर्ट की जानकारी देते हुए छात्रों को बताया गया कि बीटेक कोर्स के लिए भवन बनेगा, सीटें और अन्य सभी सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। हालांकि इसके बाद बीटेक के छात्र यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) निदेशक प्रो. कमान सिंह को हटाने और नियमित शिक्षक रखे जाने की मांग पर अड़ गए और देर रात तक धरने पर बैठे रहे।
छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें नहीं मानी जाएंगी वे धरने पर बैठे रहेंगे। इसके बाद अधिकारी जाने लगे तो छात्रों ने गेट पर ताला जड़ दिया। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने प्रॉक्टर व अन्य अधिकारियों को अंबेडकर भवन से निकाला।
रजिस्ट्रार प्रो. आरबी राम ने कहा कि विवि ने कोई कोर्स बंद न करने का निर्णय लिया है। जिन कोर्सों में 50 फीसदी से कम विद्यार्थी आएंगे, वहां प्रवेश नहीं होगा। अब छात्रों को अपना प्रदर्शन वापस लेकर पठन-पाठन सुचारू करना चाहिए। साथ ही कहा कि परिसर में बाहरी लोगों के आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जेईई से होगा प्रवेश, बढ़ेंगी सीटें
इससे पहले विवि द्वारा गठित कमेटी ने बीटेक कोर्स में प्रति स्ट्रीम छात्रों की संख्या 30 से बढ़ाकर 40 करने, 12 छात्र पर एक शिक्षक रखने, 67 शिक्षक यूआईईटी में रखने, प्रति ब्रांच दो सेवानिवृत्त शिक्षक रखने, बीटेक की अलग बिल्डिंग बनाने, बेहतर लैब की सुविधा देने, नॉन टीचिंग स्टाफ रखने और नए सत्र 2018-19 से ज्वाइंट इंट्रेंस एग्जाम (जेईई) से प्रवेश लेने की संस्तुति की। इसे विवि प्रशासन ने मान लिया। बीबीएयू ने बीटेक में संसाधनों की आपूर्ति के लिए 20 लाख रुपये भी स्वीकृत कर दिए।