एकेटीयू के फैकल्टी टेस्ट में 93 प्रतिशत शिक्षक फेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित फैकल्टी एप्टीट्यूड टेस्ट (फेट) में 93 फीसदी शिक्षक क्वालिफाई नहीं कर पाए।
1591 में से मात्र 112 अभ्यर्थी ही ऐसे मिले जो सूबे के निजी इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में पढ़ाने योग्य हैं। विवि ने निजी कॉलेजों में शिक्षकों की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए इस साल पहली बार फेट का आयोजन किया था।
26 जून को आयोजित इस परीक्षा में कुल 1591 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। विवि ने शनिवार को विद्या परिषद की बैठक के दौरान इस परीक्षा का परिणाम जारी किया।
विवि के मीडिया प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि इनमें 44 अभ्यर्थियों को ही ‘ए’ प्लस और 68 को ‘ए’ ग्रेड मिला। विवि सूत्रों की मानें तो 1591 अभ्यर्थियों में बहुत से ऐसे भी हैं जो पहले से निजी कॉलेजों में पढ़ा रहे हैं।
पीएचडी में 76 तो पीजी में 48 फीसदी हुए बाहर
पीएचडी के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में शामिल 779 में से मात्र 188 अभ्यर्थी यानी 24 फीसदी ही साक्षात्कार के लिए क्वालिफाई हुए। पीजी कोर्सेज के अंतर्गत एमटेक, एमफार्मा और एमआर्क के लिए 1022 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी। इनमें 531 ने क्वालिफाई किया जबकि 48 फीसदी बाहर हो गए।
पीजी की काउंसलिंग चार से
मीडिया प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि एमटेक, एमफार्मा और एमआर्क की काउंसलिंग चार से छह अगस्त तक होगी। वहीं गेट, जीपेट क्वालिफाई अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग चार अगस्त और काउंसलिंग पांच अगस्त को होगी।
प्रवेश परीक्षा के परिणाम और दाखिले से संबंधित अन्य जानकारी विवि की वेबसाइट www.aktu.ac.in पर देखी जा सकती है।