लखनऊ यूनिवर्सिटीः रिजल्ट जारी किया, पर नंबर की जगह लिख दिया इनकम्प्लीट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय का एक और कारनामा सामने आया है। रिजल्ट जारी करने की अंतिम तारीख समाप्त होने के बावजूद अभी तक कई विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं नहीं जंच पाई हैं। ऐसे में परीक्षा विभाग ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किए बिना ही बीएससी तृतीय सेमेस्टर का रिजल्ट जारी कर दिया है।
जिन विषयों की कॉपियां नहीं जांची गई हैं, उनके आगे अंकपत्र में इनकम्प्लीट लिखकर आ रहा है। ऐसे में विद्यार्थी अपना अंकपत्र लेकर परिसर के चक्कर काट रहे हैं। लविवि में सेमेस्टर परीक्षा के सभी परिणाम जारी करने के लिए एक फरवरी की समयसीमा निर्धारित की गई थी।
इसके बावजूद मूल्यांकन पूरा न होने की वजह से रिजल्ट में काफी देरी हो चुकी है। जो रिजल्ट जारी भी किए जा रहे हैं वे आधे-अधूरे हैं। परीक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार करीब 15 विभाग ऐसे हैं जिनकी कॉपियां नहीं जंच पाई हैं।
इनमें बीएफए, एमबीए, बीकॉम ऑनर्स, एमएड, गणित, सांख्यिकी, अप्लाइड इकोनॉमिक्स, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, इंग्लिश, सोशल वर्क, हिंदी, मनोविज्ञान, भूगर्भ विज्ञान और फिजिक्स शामिल हैं। अभी तक बीए का परीक्षा परिणाम नहीं जारी किया गया है, लेकिन बीएससी तृतीय सेमेस्टर का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस वजह से अंकपत्रों में इनकंप्लीट लिखकर आ रहा है।
प्रशासनिक कामों के लिए उत्साह, मूल्यांकन से बेरुखी
उच्च शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार परीक्षा कार्य शिक्षकों की ड्यूटी का अनिवार्य अंग है। इसके लिए वे मना नहीं कर सकते हैं। वहीं दूसरी ओर पठन-पाठन के अलावा प्रशासनिक कार्य उनके अतिरिक्त दायित्व हैं। किसी भी सूरत में मुख्य दायित्व की कीमत पर अतिरिक्त काम नहीं हो सकते हैं।
इसके बावजूद काफी शिक्षक प्रशासनिक पद पाने के लिए ही परेशान रहते हैं। मूल्यांकन ही नहीं शिक्षक परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षण ड्यूटी में भी उपस्थित नहीं होते हैं। इस वजह से परीक्षा में चपरासी, कर्मचारी और रिसर्च स्कॉलर से ड्यूटी करानी पड़ती है। जबकि नियमानुसार शिक्षकों को ही कक्ष निरीक्षण करना होता है।
कुछ कॉपियों के लिए सभी छात्रों का रिजल्ट रोकना सही नहीं
कुछ विषयों की कॉपियां नहीं जंच पाई हैं। उनकी वजह से पूरा रिजल्ट अटका हुआ था। बाकी विद्यार्थी अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। इसलिए संबंधित विषयों के नंबर के स्थान पर इनकंप्लीट लिखकर रिजल्ट जारी किया गया है। विभागाध्यक्षों से समन्वय करके मूल्यांकन पूरा करके जल्द ही रिजल्ट अपडेट कर दिया जाएगा। - ले. कर्नल डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक, लविवि
गंभीर मामला, विभागाध्यक्षों से की जाएगी बात
मूल्यांकन कार्य पूरा न होना गलता है। यह गंभीर मामला है। इस पर विभागाध्यक्षों से बात की जाएगी तथा जल्द से जल्द रिजल्ट अपडेट कर दिया जाएगा।
- डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव, प्रवक्ता, लविवि