एलयू: गुरूजी फोन पर लगे रहे, अंदर नकल होती रही
लखनऊ विश्वविद्यालय व संबद्ध कॉलेजों में गुरुवार से शुरू हुई बैकपेपर व इंप्रूवमेंट परीक्षा के पहले ही दिन पर्यवेक्षक की लापरवाही के चलते विवि में जमकर नकल हुई। इसके अलावा कुछ छात्रों को परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र देर से दिया गया।
गुरुवार को सुबह की पाली में बीए अंतिम वर्ष और शाम की पाली में बीएससी अंतिम वर्ष की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए विवि सहित राजधानी में कुल 19 केंद्र बनाए गए हैं। चार दिन चलने वाली परीक्षाओं में करीब 17 हजार छात्र शामिल होंगे।
विवि में दोपहर 4.02 मिनट पर आर्ट्स ब्लॉक के कमरा नंबर 43 में तैनात पर्यवेक्षक कक्ष से बाहर आकर काफी देर तक फोन पर बात करते रहे। इतना ही नहीं इसके बाद यह शिक्षक पास के कमरे में ड्यूटी कर रहे दूसरे शिक्षक के साथ सेल्फी लेते भी नजर आए।
कक्ष संख्या 43 में उस समय कोई और पर्यवेक्षक नहीं था ऐसे में स्टूडेंट्स को नकल करने की खुली छूट मिल गई। परीक्षा विभाग के नियमानुसार पहले तो किसी पर्यवेक्षक को कक्ष में सेलफोन नहीं ले जाना चाहिए। यदि ले भी गए तो वह स्विच ऑफ होना चाहिए। लेकिन, एलयू में ऐसे नियम का पालन नहीं होता।
आधा घंटा देर से बंटा पेपर
विवि के न्यू लॉ ब्लाक भवन के कक्ष संख्या तीन में शिया पीजी कॉलेज की छात्राओं का केंद्र था। इन छात्राओं की कम्प्यूटर एप्लीकेशन की परीक्षा दोपहर दो से पांच बजे की पाली में थी, लेकिन गलती से यहां कम्प्यूटर साइंस का पेपर पहुंचा दिया गया।
इसके बाद दूसरा पेपर आने में समय लगा, जिसके चलते सही प्रश्न पत्र दोपहर 2.30 बजे दिया जा सका। छात्राओं को आधे घंटे का अतिरिक्त समय मिला।
इस पर लखनऊ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके शर्मा परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन पर बात करना गलत है। इस मामले में पूछताछ की जाएगी। शिया कॉलेज की तीन छात्राओं का केंद्र एलयू में था। कुछ कन्फ्यूजन के चलते समस्या हुई थी, छात्राओं को अतिरिक्त समय दिया गया। आगे ऐसी समस्याएं न हों इसके लिए प्रयास है।
न्यू लॉ बिल्डिंग ढूंढने में हुए परेशान
एलयू की तरफ से शिया पीजी कॉलेज (गर्ल्स) और इस्लामिया डिग्री कॉलेज के बीएससी फर्स्ट ईयर, सेकंड ईयर, थर्ड ईयर के जेडबीसी ग्रुप और विवि के बीए और बीएससी थर्ड ईयर के गणित और भौतिक विज्ञान के परीक्षार्थियों की परीक्षा न्यू लॉ विभाग में रखी गई।
न्यू लॉ विभाग के कमरा नंबर एक से पांच में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। लेकिन, परीक्षार्थियों को विभाग ढूंढने में बहुत परेशानी हुई। ढूंढते-ढूंढते कोई आर्ट्स विभाग के कमरों में बैठ गया तो कोई बीकॉम डिपार्टमेंट की तरफ चला गया।
जिससे पेपर की शुरुआत के आधा घंटे बाद तक परीक्षार्थियों का प्रवेश चलता रहा। दरअसल, इस भवन में कहीं भी ‘न्यू लॉ’ बिल्डिंग नहीं लिखा। बिल्डिंग के प्रवेश पर डिपार्टमेंट ऑफ जियोग्राफी और रक्षा अध्ययन विभाग लिखा हुआ है।
इससे स्टूडेंट्स भ्रमित हो गए। इसके अलावा एलयू की तरफ से भी बिल्डिंग की तरफ जाने वाला कोई साइनेज नहीं बनाया गया था।