ग्रेजुएशन में दाखिले की दौड़ शुरू, लखनऊ यूनिवर्सिटी समेत कई डिग्री कॉलेजों में दाखिला पाने का मौका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
12वीं का रिजल्ट घोषित होने से पहले ही लखनऊ विवि के साथ ही तमाम सहयुक्त डिग्री कॉलेजों में भी दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जबकि कई कॉलेजों में अप्रैल के पहले सप्ताह में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी है।
लविवि के साथ ही आईटी गर्ल्स, लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज और नेशनल पीजी कॉलेज में दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर होने हैं। इसके अलावा अन्य कॉलेजों के दाखिले 12वीं में मिले अंकों के आधार पर होंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यहां पर लविवि और उससे सहयुक्त अनुदानित कॉलेजों में आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
1- लखनऊ विश्वविद्यालय : 10 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2019-20 में दाखिले के लिए स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों के आवेदन 15 मार्च से लेने शुरू कर दिए हैं। आवेदन विवि की वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर जाकर किया जा सकता है। दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तारीख बगैर लेट फीस 10 अप्रैल तथा लेट फीस के साथ 15 अप्रैल निर्धारित है। इसके बाद 25 अप्रैल से प्रवेश परीक्षा होनी है। लविवि में स्नातक और परास्नातक के सबसे ज्यादा पाठ्यक्रम हैं। इसका ब्योरा विवि की वेबसाइट पर प्राप्त किया जा सकता है।
2- कालीचरण कॉलेज : ऑनलाइन और ऑफलाइन भी उपलब्ध हैं फॉर्म
चौक स्थित कालीचरण पीजी कॉलेज में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म मिलने शुरू हो गए हैं। आवेदन फॉर्म की फीस 600 रुपये निर्धारित है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र सिंह के अनुसार दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे। ऑफलाइन आवेदन पत्र महाविद्यालय स्थित प्रशासनिक भवन के काउन्टर नंबर पांच पर किसी भी कार्य दिवस में सुबह नौ बजे से शाम 5:30 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन फॉर्म कॉलेज की वेबसाइट www.kcpgclko.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर फॉर्म भर सकते हैं। कॉलेज में बीए, बीकॉम, एमए हिंदी, एमए समाजशास्त्र, एमकॉम, एमकॉम अप्लाइड इकोनॉमिक्स की कक्षाएं संचालित हैं।
यूजी में 15 जून तक आवेदन का मौका
3. बीएसएनवी कॉलेज : यूजी में 15 जून तक आवेदन का मौका
चारबाग स्थित बप्पा श्री नारायण वोकेशनल डिग्री कॉलेज में स्नातक और परास्नातक दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। अभ्यर्थी कॉलेज की वेबसाइट bsnvpgcollege.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। यहां दाखिले मेरिट के आधार पर होते हैं। कॉलेज में स्थित भारतीय भाषा केंद्र से जुड़कर 10 भारतीय भाषाओं की पढ़ाई की जा सकती है। स्नातक के आवेदन 15 जून और परास्नातक के 30 जून करने का मौका है। आवेदन फॉर्म का मूल्य 700 रुपये है।
4-नेशनल पीजी कॉलेज : 2 अप्रैल से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन
राजधानी के प्रतिष्ठित नेशनल पीजी कॉलेज केे आवेदन फॉर्म ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन भी उपलब्ध होंगे। ऑनलाइन आवेदन फॉर्म वेबसाइट - www.npgc.in पर और ऑफलाइन आवेदन फॉर्म कॉलेज परिसर से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया दो अप्रैल से शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तारीख 5 जून निर्धारित की गई है। दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर होंगे। कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम के साथ ही कई परास्नातक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई होती है।
5- शशि भूषण बालिका विद्यालय : 25 मार्च से जारी है आवेदन प्रक्रिया
शशि भूषण बालिका विद्यालय डिग्री कॉलेज में आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च से शुरू हो चुकी है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मधु चौहान ने बताया कि बीए व बीकॉम सेल्फ फाइनेंस कोर्सेस में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म कॉलेज से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन फॉर्म प्राप्त करने का समय सुबह नौ से 12 बजे के बीच रखा गया है।
नारी शिक्षा निकेतन में 1अप्रैल से मिलेंगे आवेदन फॉर्म
6- नारी शिक्षा निकेतन : एक अप्रैल से मिलेंगे आवेदन फॉर्म
कैसरबाग स्थित नारी शिक्षा निकेतन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में आवेदन प्रक्रिया एक अप्रैल से शुरू होगी। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वंदना उप्रेती ने बताया कि दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे। आवेदन फॉर्म महाविद्यालय से सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन फॉर्म का मूल्य कला और विज्ञान संकाय के लिए 600 रुपये और कॉमर्स के लिए 700 रुपये निर्धारित किया गया है। महाविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम के साथ ही एमए हिंदी की 60 सीटें हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन है और दाखिले मेरिट के आधार पर किए जाएंगे।
7-अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज : 18 मार्च से चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
राजधानी के प्रतिष्ठित डिग्री कॉलेजों में से एक अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में स्नातक आवेदन प्रक्रिया 18 मार्च से शुरू हो चुकी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. उपमा चतुर्वेदी ने बताया कि आवेदन फॉर्म कॉलेज वेबसाइट www.agdc.ac.in पर उपलब्ध हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 15 जून है। दाखिले मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। कॉलेज में बीए की 400 रेग्युलर तथा बीकॉम की 240 सेल्फ फाइनेंस सीटें हैं। आवेदन शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है।
8- जय नारायण पीजी कॉलेज (केकेसी) : 20 मार्च से चल रही आवेदन प्रक्रिया
जय नारायण पीजी कॉलेज (केकेसी) में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म वेबसाइट www.jnpg.org.in पर जाकर ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू हो चुकी है। यहां दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे। आवेदन फीस 700 रुपये है। यहां पर बीए रेग्युलर की 880, बीए सेल्फ फाइनेंस की 200, बीकॉम रेग्युलर की 880, बीकॉम सेल्फ फाइनेंस की 200, बीएससी की 840, बीबीए की 60, बीपीएड की 50, एलएलबी की 320, एमकॉम की 60, एमकॉम एप्लाइड की 60, एमए हिंदी की 60 सीटें हैं। बीकॉम में यहा लविवि से ज्यादा सीटें हैं।
आईटी गर्ल्स कॉलेज : 15 अप्रैल से शुरू होगी प्रक्रिया
राजधानी में लड़कियों की पहली पसंद वाले आईटी गर्ल्स कॉलेेज में इस साल आवेदन फॉर्म ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन भी मिलेंगे। इसकी आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. विनीता प्रकाश ने बताया कि आवेदन कॉलेज की वेबसाइट के माध्यम से किए जाएंगे। दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर होंगे। दाखिले के लिए आवेदन करने की फीस अब तक 700 रुपये थी। प्रवेश संबंधी अन्य जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट पर जल्द ही जारी की जाएंगी।
10- महिला डिग्री कॉलेज : 15 अप्रैल से होगी आवेदन प्रक्रिया
महिला डिग्री कॉलेज में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. निशा गुप्ता ने बताया कि कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम और बीएससी होमसाइंस में www.mahilavidyalay.org पर जाकर आवेदन किया जा सकेगा। दाखिले 12वीं की मेरिट के आधार पर होंगे। यहां पर बीए की 900, बीएससी की 480 और बीकॉम की 160 सीटें उपलब्ध हैं।
11- एपीसेन मेमोरियल : 18 मई तक ऑफलाइन मिलेंगे आवेदन फॉर्म
चारबाग स्थित एपीसेन मेमोरियल गर्ल्स डिग्री कॉलेज में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म कॉलेज से ऑफलाइन मिल रहे हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 18 मई निर्धारित की गई है। कॉलेज की प्राचार्य शिवानी दुबे ने बताया कि कॉलेज में बीए की 475, बीकॉम की 80, एमए समाजशास्त्र की 60 और एमए हिंदी की 60 सीटें हैं। आवेदन फॉर्म का मूल्य 500 रुपये निर्धारित किया गया है। दाखिले मेरिट के आधार पर होने हैं।
नवयुग कन्या महाविद्यालय : 15 अप्रैल से ऑनलाइन भरें आवेदन
नवयुग कन्या महाविद्यलय में स्नातक और परास्नातक आवेदन फॉर्म 15 अप्रैल से मिलेंगे। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सृष्टि श्रीवास्तव ने बताया कि कॉलेज में आवेदन फॉर्म ऑनलाइन भरा जाएगा, लेकिन इसके लिए प्रॉस्पेक्टस कॉलेज परिसर से खरीदना होगा। प्रॉस्पेक्टस पर दर्ज यूनिक नंबर से आवेदन फॉर्म भरकर ऑनलाइन फीस भी जमा होगी। आवेदन शुल्क 800 रुपये रखा गया है। दाखिला मेरिट के आधार पर होंगे। यहां बीए की 700, बीएससी की 190, बीकॉम की 240 सीटें हैं। एमए इंग्लिश और हिंदी में 60-60 सीटें हैं।
13- विद्यांत हिंदू पीजी कॉलेज : अगले सप्ताह से आवेदन
विद्यांत हिंदू पीजी कालेज में विभिन्न कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। दाखिले के आवेदन फॉर्म ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन भी मिलेंगे। ऑफलाइन आवेदन फॉर्म कॉलेज में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे के बीच उपलब्ध होंगे। ऑनलाइन आवेदन फॉर्म कॉलेज की वेबसाइट www.vidyantcollege.org पर जाकर भरे जा सकेंगे। यहां बीए की 670 सीटें, बीकॉम की 440, एमकॉम की 120 और एमए हिस्ट्री की 60 सीटें हैं। दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे।
14- डीएवी पीजी कॉलेज : अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू होंगे आवेदन
नाका स्थित डीएवी पीजी कॉलेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू होगी। अभ्यर्थी वेबसाइट- www.davpglu.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे। आवेदन फॉर्म का मूल्य 800 रुपये होगा। यहां बीए की 500, बीएससी की 350, एमए एआईएच की 80 और एलएलबी की 180 सीटें हैं।
15. करामत हुसैन गर्ल्स कॉलेज : 11 मार्च से जारी है आवेदन प्रक्रिया
निशातगंज स्थित करामत हुसैन डिग्री कॉलेज में सिर्फ छात्राओं को दाखिला मिलता है। यहां 11 मार्च से दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कुदसिया परवीन ने बताया कि महाविद्यालय में दाखिले मेरिट के आधार पर दिये जाएंगे। यहां बीएससी की 180, बीए की 1075, बीकॉम की 60 और एमए इंग्लिश में 60 सीटें हैं। आवेदन फॉर्म 500 रुपये का है।