एकेटीयू के स्टूडेंट्स के लिए खुशखबरी, पोर्टल पर डाल सकेंगे अपने आविष्कार
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि (एकेटीयू) विद्यार्थियों के आविष्कारों को बढ़ावा देने के लिए अपनी वेबसाइट पर एक पोर्टल शुरू करेगा। विद्यार्थी इस पोर्टल पर अपने आविष्कार की जानकारी दे सकेंगे।
वहीं, एकेटीयू से संबद्ध सभी संस्थान अपने विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, पेटेंट्स, वीडियो लेक्चर्स और रिसोर्सेज की जानकारी इस पोर्टल पर साझा कर सकेंगे।
प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा मोनिका एस. गर्ग और विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में मंगलवार को आईईटी लखनऊ में हुई बैठक में यह फैसला हुआ।
साथ ही विद्यार्थियों में कौशल विकास के लिए स्किल डवलपमेंट के छोटे-छोटे प्रोग्राम संचालित करने की भी सहमति बनी। इससे डिग्री मिलने के बाद विद्यार्थियों को नौकरी पाने में आसानी होगी।
कुलपति ने बताया कि विवि स्किल डवलपमेंट के लिए इंडस्ट्री के साथ एमओयू कर रहा है। उन्होंने बीटेक, बीफॉर्मा एवं बीऑर्क के स्टूडेंट्स को माइनर प्रोजेक्ट में शामिल करने के लिए बढ़ावा देने की बात भी कही।
ऑनलाइन रजिस्टर करा सकेंगे समस्याएं
एकेटीयू की वेबसाइट पर एक अन्य पोर्टल भी बनाया जाएगा, जिस पर विद्यार्थी अपनी समस्याएं ऑनलाइन रजिस्टर करा सकेंगे। इन समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई होगी, जिससे विद्यार्थियों को शोषण से निजात मिलेगी।
शोध एवं नवाचार के लिए विवि द्वारा प्रदेश में स्थापित चार इनोवेशन एवं इंक्यूबेशन सेंटर्स के साथ ही कैंपस में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना होगी। ये सेंटर आईईटी लखनऊ, एचबीटीआई कानपुर, यूपीटीटी आई कानपुर एवं एमएमएमटीयू गोरखपुर में खोले जाने हैं।
कुलपति ने बताया कि वर्तमान सेमेस्टर के सभी बचे हुए रिजल्ट जल्द घोषित किए जाएंगे। एमटेक, एमफार्मा में दाखिले के लिए 6 अगस्त तक विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। प्रवेश परीक्षा 10 अगस्त को होगी।