12:09 AM, 09-Apr-2022
जेलेंस्की ने कहा- रूस को दंडित किया जाना जरूरी
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने रूसी सेना पर जानबूझकर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। जेलेंस्की ने एक बयान में कहा कि यह एक ऐसी बुराई है जिसकी कोई सीमा नहीं है और अगर इसे दंडित नहीं किया गया, तो यह कभी नहीं रुकेगा। साथ ही यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने भी रूस पर नागरिकों के जानबूझकर वध करने का आरोप लगाया।
11:02 PM, 08-Apr-2022
यूक्रेन को मास्टिफ बख्तरबंद वाहन देगा ब्रिटेन
ब्रिटेन ने यूक्रेन को 'मास्टिफ' बख्तरबंद वाहन भेजने का एलान किया है। देश के रक्षा सचिव बेन वॉलेस ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वह यूक्रेन को ऐसे कितने वाहन भेजेंगे। इसे चलाने का प्रशिक्षण देने के लिए ब्रिटेन के सैनिक यूक्रेन के एक पड़ोसी देश पहुंचेंगे।
10:47 PM, 08-Apr-2022
मकरीव में रूसी सैनिकों ने 132 नागरिकों की हत्या की
मकरीव के मेयर वेदिम तोकर ने कहा है कि शहर में रूसी सैनिकों ने 132 नागरिकों की हत्या की है। उन्होंने कहा कि गोलाबारी में 40 फीसदी शहर तबाह हो चुका है। यह शहर राजधानी कीव से 50 किलोमीटर पश्चिम की ओर है और यहां की आबादी लगभग 10 हजार है। यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने इसे 22 मार्च को रूस के कब्जे से मुक्त कराया था।
10:32 PM, 08-Apr-2022
दावा: यूक्रेनी नागरिकों को जबरन अपने देश ले जा रहा रूस
यूक्रेन की मानवाधिकार आयुक्त ल्यूडमिला डेनिसोवा ने कहा है कि रूसी सैनिक छह लाख यूक्रेनी नागरिकों को जबरन यहां से रूस ले गए हैं। इनमें एक लाख 21 हजार बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि खारकीव क्षेत्र के इजयुम शहर से नागरिकों को जबरन रूस ले जाया जा रहा है। डेनिसोवा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब रूस की सेना ने इस तरह की हरकत की हो।
10:09 PM, 08-Apr-2022
'मानवता के खिलाफ अपराध है रेलवे स्टेशन पर हुआ हमला'
यूक्रेन की महाभियोजक इरीना वेनेडिक्टोवा ने कहा है कि दोनेत्स्क में क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर हुआ हमला मानवता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह मानवता के खिलाफ अपराध है। इस मामले में एक प्री-ट्रायल जांच शुरू की गई है।
09:30 PM, 08-Apr-2022
जॉनसन और स्कोल्ज ने की रेलवे स्टेशन पर हमले की निंदा
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ एक संयुक्त प्रेसवार्ता में यूक्रेन के दोनेस्त्स्क क्षेत्र में क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर नागरिकों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। जॉनसन ने कहा कि यह हमला दिखाता है कि व्लादिमीर पुतिन की सेना कितना नीचे गिर चुकी है। वहीं, स्कोल्ज ने कहा कि मैं मानता हूं कि पुतिन इन युद्ध अपराधों के लिए जिम्मेदार हैं।
09:05 PM, 08-Apr-2022
ओडेसा में लागू होगा वीकेंड कर्फ्यू
यूक्रेन के ओडेसा में मिसाइल हमले की धमकी के बाद सप्ताहांत पर कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है।
08:55 PM, 08-Apr-2022
यूरोपी आयोग की अध्यक्ष ने किया बूचा का दौरा
यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने आज यूक्रेन के बूचा का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बूचा में हमने मानवता को बिखरते हुए देखा है। बूचा के लोगों के साथ पूरी दुनिया इसका शोक मना रही है। हम इस महत्वपूर्ण लड़ाई में यूक्रेन के साथ खड़े हैं। उनके साथ स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री एडुआर्ड हेगर और विदेश मामलों व सुरक्षा नीति के लिए यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि जोसेप बोरेल भी मौजूद रहे। बोरेल पूर्व में कह चुके हैं कि ईयू बूचा और अन्य शहरों में कथित युद्ध अपराधों की जांच के लिए 7.5 मिलियन यूरो आवंटित करेगा।
08:24 PM, 08-Apr-2022
यूरोपीय संघ रूसी कोयला प्रतिबंधित करने पर सहमत हुआ
यूक्रेन में युद्ध को लेकर यूरोपीय संघ के देश ऊर्जा उद्योग पर पहले प्रतिबंध के तहत रूसी कोयले पर प्रतिबंध लगाने पर सहमत हुए हैं। लेकिन 27 देशों ने तेल और प्राकृतिक गैस पर व्यापक प्रतिबंध लगाने में असमर्थता व्यक्त की है। यूरोपीय संघ के कार्यकारी आयोग ने कहा कि कोयले पर प्रतिबंध से रूस को प्रति वर्ष चार अरब यूरो (334 अरब पांच करोड़ 48 लाख 20 हजार रुपये) का नुकसान हो सकता है।
07:42 PM, 08-Apr-2022
रेलवे स्टेशन हमले में मरने वालों की संख्या 50 हुई
दोनेत्स्क के गवर्नर पाव्लो किरिलेंको ने बताया है कि क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर हुए रॉकेट हमले में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है। उन्होंने कहा कि मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल है। यूक्रेन ने इस हमले का आरोप रूस पर लगाया है। वहीं, रूस ने इस हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है। यूक्रेन में अमेरिकी दूतावास ने भी इस हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है।