Israel-Hezbollah Conflict Live: हमले में इस्राइल के सैनिक की मौत, हिजबुल्ला प्रमुख बोला- फिर करेंगे पलटवार
हमास और इस्राइल बीते 10 महीने से जंग लड़ रहे हैं। इस बीच, इस्राइल और लेबनान के हिजबुल्ला के बीच भी युद्ध छिड़ता दिख रहा है। दोनों के बीच तनाव तब बढ़ गया, जब इस्राइल ने रविवार सुबह हिजबुल्ला के ठिकानों पर हवाई हमले शुरू किए। इसके जवाब में हिजबुल्ला ने भी हमला किया। दावा किया जा रहा कि उसने इस्राइल पर 320 कत्युशा रॉकेट लॉन्च किए हैं। वहीं इस्राइली रक्षा बलों का कहना है कि यह हमले नागरिकों को लक्ष्य बनाकर किए गए हैं।
लाइव अपडेट
अमेरिकी जनरल पहुंचे इस्राइल
शीर्ष अमेरिकी सैन्य जनरल सीक्यू ब्राउन इस्राइल के रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के लिए इस्राइल पहुंचे। मिस्र में अपने पूर्व पड़ाव में राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने क्षेत्र में संघर्ष के और बढ़ने की चेतावनी दी थी।
इस्राइल और हिजबुल्ला संघर्ष को लेकर ब्रिटेन ने संयम बरतने की अपील की। ब्रिटिश विदेश सचिव डेविड लैमी ने एक्स पर पोस्ट किया कि मध्य पूर्व में आगे की स्थिति को किसी भी कीमत पर टाला जाना चाहिए। इस्राइल के मंत्री के साथ बातचीत में मैंने इस्राइल की सुरक्षा, संयम के महत्व, गाजा में तत्काल युद्ध विराम की आवश्यकता और सभी बंधकों की रिहाई के लिए यूके के समर्थन को दोहराया।
हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्लाह ने कहा कि हम हमले का आकलन करेंगे और यदि आवश्यक हुआ तो फिर से हमला करेंगे। हमारे पास किसी अन्य समय जवाब देने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि हिजबुल्ला ने बड़े हमले की योजना नहीं बनाई थी और हमने इस्राइल की राजधानी तेल अवीव में बेन गुरियन हवाई अड्डे सहित नागरिकों या सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने से परहेज किया था। उन्होंने स्वीकार किया कि अपने वरिष्ठ कमांडर की हत्या पर प्रतिक्रिया में हमसे देरी हुई।
हिजबुल्ला प्रमुख ने इस्राइल के दावे को नकारा
हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरल्लाह ने जवाबी कार्रवाई में हजारों रॉकेट नष्ट करने के इस्राइल के दावे का खंडन किया। नसरल्लाह ने कहा कि चर्चा है कि हिजबुल्ला छह हजार रॉकेट और ड्रोन दागने जा रहा था और इस्राइल ने इसे विफल कर दिया। ये सभी झूठे दावे हैं। उन्होंने कहा कि केवल दर्जनों रॉकेट ही नष्ट किए गए।
इस्राइल के हवाई क्षेत्र में गिरे हिजबुल्ला के रॉकेट: नसरल्लाह
हिजबुल्ला प्रमुख नसरल्लाह ने दावा किया कि उसके सभी रॉकेट इस्राइल के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। जबकि इस्राइल सेना ने दावा किया कि हिजबुल्ला तेल अवीव के निकट सैन्य खुफिया अड्डे पर हमला नहीं कर सका।
अमेरिका ने की इस्राइल की मदद
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने हिजाबुल्ला की ओर से किए गए रॉकेट हमलों पर नजर रखने में इस्राइल की मदद की। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका ने लेबनान हिजबुल्ला के हमलों पर नज़र रखने के लिए इस्राइल को कुछ ISR (खुफिया, निगरानी और टोही) की सहायता प्रदान की। अमेरिका स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। हमलों के खिलाफ इस्राइल को समर्थन देने के लिए तैयार है।
इस्राइल सेना ने कहा कि उत्तरी इस्राइल में हुए हमले में एक सैनिक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। 21 वर्षीय ऑफिसर डेविड मोशे बेन शिट्रिट उत्तरी इस्राइल में लड़ाई के दौरान मारे गए। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सैनिक की मौत या तो आयरन डोम इंटरसेप्टर या इंटरसेप्टर से गिरे छर्रे से हुई,जो हिजबुल्ला के ड्रोन को रोकने के बाद एक तेज रफ्तार गश्त नाव से टकरा गया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमलों के बाद इस्राइल-हिजबुल्ला ने मध्यस्थों के जरिये संदेश साझा किए। दोनों देशों ने स्वीकार किया कि कोई युद्ध आगे नहीं बढ़ाना चाहता।
राजनीतिक कारणों से हमले में हुई देरी: हिजबुल्ला
हिजबुल्ला के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले महीने शीर्ष कमांडर फुआद शुक्र की हत्या का जबाव देने के लिए इस्राइल पर रॉकेट हमला करने में राजनीतिक कारणों से देरी हुई। पहले हमने पूर्ण पैमाने पर युद्ध शुरू न हो जाए, यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया। वहीं मिस्र, अमेरिका की मध्यस्थता के बीच काहिरा में चल रही युद्ध विराम वार्ता और बंधकों की रिहाई में बातचीत के चलते भी हमले देर से किए गए।
मिस्र ने दी खतरे की चेतावानी, अमेरिका से तनाव कम करने के लिए पहल करने को कहा
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी ने अमेरिका के शीर्ष जनरल को लेबनान में एक बड़े संघर्ष के खतरों की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को तनाव कम करने और बढ़ते तनाव को रोकने के लिए प्रयास करने और दबाव बढ़ाने की आवश्यकता है। यह स्थिति पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा बन रही है। उन्होंने लेबनान की स्थिरता और संप्रभुता को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं अमेरिकी जनरल ने इस पर कोई बयान नहीं दिया।