02:10 PM, 16-Jan-2026
ईरान के एयरस्पेस में दाखिल नहीं हो रहीं यूरोपीय एयरलाइंस
ईरान ने बुधवार को कुछ घंटों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। हालांकि बाद में एयरस्पेस को फिर से खोल दिया गया। हालांकि इसके बावजूद यूरोपीय एयरलाइंस ईरान के एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं कर रही हैं और अफगानिस्तान और मध्य एशिया के ऊपर वाले रूट से उड़ान भर रही हैं। ईरान में विरोध प्रदर्शन के चलते भारी तनाव है और अमेरिका से भी तनातनी जारी है।
02:07 PM, 16-Jan-2026
तेहरान का अमेरिका पर आरोप- यूएन को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया गया
भारत में ईरान के दूतावास के उप-उच्चायुक्त ने अमेरिका पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि अमेरिका, ईरान के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा रहा है और संयुक्त राष्ट्र का भी गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ईरान पर बेबुनियाद आरोप लगाने का मंच बन गया है।
01:06 PM, 16-Jan-2026
भारत ने इस्राइल में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
भारत ने इस्राइल में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारत सरकार ने लोगों को चौकन्ना रहने को कहा है और साथ ही सभी जरूरी गाइडलाइंस का भी सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। भारत में मौजूद नागरिकों को कहा गया है कि जब तक बहुत जरूरी न हो तब तक इस्राइल की यात्रा करने से बचें।
12:24 PM, 16-Jan-2026
न्यूजीलैंड ने तेहरान में बंद किया दूतावास
न्यूजीलैंड ने ईरान में जारी विरोध प्रदर्शन, हिंसा और अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच अस्थायी तौर पर तेहरान में स्थित अपने दूतावास को बंद करने का फैसला किया है। साथ ही अपने वाणिज्य दूतावास को तुर्किए के अंकारा में स्थानांतरित कर दिया है। न्यूजीलैंड के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि उसके सभी राजनयिक स्टाफ ने तेहरान छोड़ दिया है।
10:54 AM, 16-Jan-2026
अरब देशों ने ईरान पर हमले न करने के लिए अमेरिका से लगाई गुहार
चार अरब देशों ने इस हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव को कम करने के लिए सक्रिय रूप से कूटनीतिक कोशिशें तेज कर दी हैं। इनमें मिस्त्र, ओमान, सऊदी अरब और कतर शामिल हैं। ये चारों देश पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगी हैं और इन देशों ने अमेरिका से अपील की है कि वे ईरान पर हमला न करें। इन देशों को आशंका है कि अमेरिका ईरान पर हमला कर सकता है, जिससे पूरे क्षेत्र असर पड़ सकता था। इन चारों देशों ने अमेरिका को बताया कि अगर ईरान पर हमला हुआ तो इसके गंभीर सुरक्षा और आर्थिक परिणाम होंगे। इसका असर पूरे क्षेत्र पर पड़ेगा और अंत में अमेरिका भी इससे प्रभावित होगा।
10:50 AM, 16-Jan-2026
क्या अमेरिका दबाव में ईरान ने रोकी फांसी?
ट्रंप प्रशासन ने दावा किया है कि ईरान में कल होने वाली 800 फांसी की सजाओं के अमल पर रोक लग गई है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने ईरान के मुद्दे पर बयान जारी किया। उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी टीम ने ईरानी शासन को यह संदेश दिया है कि अगर हत्याएं जारी रहीं तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।' उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप को आज पता चला है कि कल होने वाली 800 फांसी की सजाएं रोक दी गई हैं।
10:39 AM, 16-Jan-2026
Iran Protest News Live: न्यूजीलैंड ने ईरान में बंद किया दूतावास; भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की
गुरुवार को अमेरिका ने चेतावनी देते हुए कहा कि वे सभी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। वहीं भारत ने भी ईरान से अपने नागरिकों को निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।