12:15 AM, 16-Dec-2021
केरल में पांच हुई ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या : जॉर्ज
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में ओमिक्रॉन के चार और मामले मिले हैं, इसके साथ ही राज्य में कोरोना के इस नए स्वरूप के कुल मामलों की संख्या अब पांच हो गई है। बुधवार को सामने आए चार मामलों में से दो वे लोग हैं जो कोच्चि में सामने आए पहले मरीज के संपर्क में आए थे। तीसरा व्यक्ति एर्नाकुलम का है जो कांगो से आया था। चौथा मामला तिरुवनंतपुरम से सामने आया है, जो यूके से आया था।
09:45 PM, 15-Dec-2021
केरल में 4, तमिलनाडु में एक केस
केरल में भी कोरोना के नए वैरिएंट के चार नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या पांच हो गई है। वहीं, तमिलनाडु में भी ओमिक्रॉन का एक केस सामने आया है। अब देश में कोरोना के नए वैरिएंट के मामले बढ़कर 73 हो गए हैं।
09:29 PM, 15-Dec-2021
महाराष्ट्र में जनवरी में बढ़ेंगे मामले
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में अगले साल जनवरी में ओमिक्रॉन वैरिएंट के ज्यादा मामले सामने आने की आशंका है। कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट दुनिया में तेजी से फैल रहा है और महाराष्ट्र में अगले साल जनवरी में इससे संक्रमित मामलों में वृद्धि देखने को मिल सकती है। महाराष्ट्र के जन स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. प्रदीप व्यास ने मुंबई में महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में एक प्रस्तुति देते हुए कहा कि ओमिक्रॉन संक्रमण के मामले ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरों में भी मिलेंगे।
09:24 PM, 15-Dec-2021
देश में अब कुल 68 मामले
देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित होने वाले मरीजों की कुल संख्या 68 हो गई है। इनमें महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य है जहां अब तक कुल 32 मामले मिल चुके हैं। वहीं राजस्थान 17 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा गुजरात (चार), कर्नाटक (तीन), केरल (एक), आंध्र प्रदेश (एक), तेलंगाना में दो, पश्चिम बंगाल और चंडीगढ़ में एक-एक और दिल्ली में छह मामले हैं। नए वैरिएंट से बढ़ रहे संक्रमण ने सरकार की भी चिंता बढ़ा दी है। वहीं केंद्र सरकार बूस्टर डोज पर तेजी से काम कर रही है ताकि इस खतरनाक वैरिएंट से निपटा जा सके।
09:22 PM, 15-Dec-2021
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के चार नए मामले
महाराष्ट्र में बुधवार को एक बार फिर कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने सभी को डरा दिया। यहां ओमिक्रॉन के चार नए मामले सामने आए हैं। इनमें दो मामले उस्मानाबाद और एक-एक मामला मुंबई-बुलढाना में सामने आया है। इस तरह राज्य में ओमिक्रॉन के मरीजों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। इनमें मुंबई में 13, पिंपरी चिंचवाड़ा में 10, पुणे और उस्मानाबाद में दो-दो, कल्याण-डोंबीवली, नागपुर, लातूर, वसई विरार और बुलढाना में एक-एक मरीज सामने आया है।
देश में 'ओमिक्रॉन' वैरिएंट से संक्रमित होने वाले मरीजों की कुल संख्या 68 हो गई है। इनमें महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य है जहां अब तक कुल 32 मामले मिल चुके हैं। वहीं राजस्थान 17 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा गुजरात (चार), कर्नाटक (तीन), केरल (एक), आंध्र प्रदेश (तीन), पश्चिम बंगाल में दो और दिल्ली में (छह) मामले हैं। नए वैरिएंट से बढ़ रहे संक्रमण ने सरकार की भी चिंता बढ़ा दी है। वहीं केंद्र सरकार बूस्टर डोज पर तेजी से काम कर रही है ताकि इस खतरनाक वैरिएंट से निपटा जा सके।
08:55 PM, 15-Dec-2021
बंगाल में प्रतिबंधों को 15 जनवरी तक बढ़ाया
पश्चिम बंगाल सरकार ने मौजूदा कोरोना प्रतिबंधों को 15 जनवरी तक बढ़ा दिया है। 24 दिसंबर से 1 जनवरी तक क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच लोगों और वाहनों की आवाजाही से संबंधित प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी।
05:05 PM, 15-Dec-2021
राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ अहम बैठक
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मेडिकल ऑक्सीजन उपकरणों और प्रणालियों के संबंध में तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ एक आभासी बैठक की। इस दौरान भूषण ने कहा कि महामारी से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में मेडिकल ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति महत्वपूर्ण है।
02:59 PM, 15-Dec-2021
बंगाल में सात वर्षीय लड़के में ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि
पश्चिम बंगाल में सात वर्षीय लड़के में ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में ओमिक्रॉन का पहला मामला आया है।
12:11 PM, 15-Dec-2021
हैदराबाद में दो नए संक्रमितों की पुष्टि
देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दो नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। जिससे अब देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 58 हो गई है। तेलंगाना सरकार के सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक श्रीनिवास राव ने कहा कि संक्रमितों में एक पुरुष और एक महिला है। पुरुष सोमालिया का है जबकि महिला केन्या की निवासी है। दोनों संक्रमितों को ट्रैक किया जा रहा है।
09:41 AM, 15-Dec-2021
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 6984 नए मामले
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 6,984 नए मामले सामने आए हैं और 247 लोगों की मौत हो गई है।