फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

IND A vs PAK A Final Highlights: पाकिस्तान ने इमर्जिंग एशिया कप ट्रॉफी जीती, फाइनल में भारत को 128 रन से हराया

Sun, 23 Jul 2023 11:08 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो Published by: रोहित राज Updated Sun, 23 Jul 2023 11:08 PM IST
खास बातें

India A vs Pakistan A Asia Cup Final 2023: पुरुष इमर्जिंग एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत ए का सामना पाकिस्तान ए से हुआ। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ए ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 352 रन बनाए। भारतीय-ए टीम 224 रन ही बना सकी।

विज्ञापन
India A vs Pakistan A Final Live: Emerging Asia Cup 2023 Final IND A vs PAK A Match Scorecard Updates
यश ढुल - फोटो : सोशल मीडिया

लाइव अपडेट

09:20 PM, 23-Jul-2023

फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया

पाकिस्तान ने इमर्जिंग एशिया कप का खिताब जीत लिया है। कोलंबो में खेले गए फाइनल में उसने भारत को 128 रन से करारी शिकस्त दी। भारतीय कप्तान यश ढुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 352 रन बनाए थे। तैयाब ताहिर ने 71 गेंदों में 108 रन की पारी खेली थी। जवाब में भारतीय टीम 40 ओवर में 224 रन पर सिमट गई। अभिषेक शर्मा को छोड़कर भारत का कोई भी बल्लेबाज 50+ का स्कोर नहीं बना सका। अभिषेक ने 51 गेंदों में 61 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान का यह इमर्जिंग एशिया कप का लगातार दूसरा खिताब है। इससे पहले यह टूर्नामेंट 2019 में खेला गया था। तब पाकिस्तान ने फाइनल में बांग्लादेश को हराकर खिताब जीता था। पाकिस्तान लगातार दो बार यह खिताब जीतने वाली दूसरी टीम है। उनसे पहले श्रीलंका ने ऐसा किया था। श्रीलंका ने 2017 और 2018 में लगातार दो बार इमर्जिंग एशिया कप का खिताब जीता था। 2013 में इस टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी। पहले संस्करण में भारत ने सूर्यकुमार की कप्तानी में खिताब जीता था। अब तक कुल पांच संस्करण खेले गए हैं और टीम इंडिया सिर्फ एक बार (2013) ही जीत पाई है। वहीं, श्रीलंका और पाकिस्तान ने दो-दो बार खिताब जीते हैं। इससे पहले टीम इंडिया 2018 में भी श्रीलंका से फाइनल में हार गई थी।

ये भी पढ़ें: Emerging Asia Cup: सूर्यकुमार के कारनामे को दोहरा नहीं सके यश ढुल, 2013 के बाद दूसरा खिताब जीतने का सपना टूटा

फाइनल में मिली हार इस संस्करण में टीम इंडिया की पहली हार
फाइनल में हार इमर्जिंग एशिया कप के इस संस्करण में टीम इंडिया की पहली हार रही है। ग्रुप स्टेज में भारत ने अपने पहले मैच में यूएई-ए को आठ विकेट से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम इंडिया ने नेपाल को नौ विकेट से शिकस्त दी। तीसरा मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था। यह मैच यश ढुल की टीम ने आठ विकेट से जीता। साई सुदर्शन ने शतकीय पारी खेली थी। सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 51 रन से हराया था। भारत को टूर्नामेंट में एकमात्र हार पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में मिली। 

पाकिस्तान का इस संस्करण में सफर
वहीं, पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नेपाल को चार विकेट से शिकस्त दी। दूसरे मैच में पाकिस्तान ने यूएई को 184 रन से हराया। भारत से तीसरे मैच में हारने के बाद वापसी करते हुए सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका-ए को 60 रन से करारी शिकस्त दी। अब फाइनल में भारत को हराकर ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला भी ले लिया।
08:37 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत के आठ विकेट गिरे

फाइनल में 353 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 194 रन पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। मेहरान मुमताज ने रियान पराग को क्लीन बोल्ड किया। रियान 14 रन बना सके। वहीं, सुफियान मुकीम ने हर्षित राणा को फरहान के हाथों कैच कराया। वह 13 रन बना सके। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 199 रन है। भारत को अब भी 154 रन की जरूरत है।
विज्ञापन
08:29 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को छठा झटका

भारत को 29वें ओवर में 179 के स्कोर पर छठा झटका लगा। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार फिनिशर बनकर उभरे ध्रुव जुरेल इस पूरे टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके। फाइनल में भी वह नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मेहरान ने फरहान के हाथों कैच कराया। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 179 रन है। फिलहाल रियान पराग और हर्षित राणा क्रीज पर हैं। भारत को अब भी 174 रन की जरूरत है।
08:15 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को पांचवां झटका

भारतीय टीम मुश्किल में दिखाई पड़ रही है। 353 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 26 ओवर में 165 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल ध्रुव जुरेल और रियान पराग क्रीज पर हैं। 157 के स्कोर पर निशांत सिंधू आउट हुए। वह मुबासिर खान की गेंद पर खराब शॉट खेलकर कैच आउट हुए। निशांत 10 रन बना सके। इसके बाद कप्तान यश भी रन रेट बढ़ाने के चक्कर में सुफियान मुकीम की गेंद पर कैच आउट हुए। वह 41 गेंदों में चार चौके की मदद से 39 रन बना सके। भारत को अब 188 रन की जरूरत है।
07:53 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को 20वें ओवर में 132 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक शर्मा खराब शॉट खेलकर विकेट दे बैठे। उन्हें सुफियान मुकीम ने तैयब ताहिर के हाथों कैच कराया। अभिषेक ने 51 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। फिलहाल कप्तान यश ढुल और निशांत सिंधू क्रीज पर हैं। भारत को अब भी 221 रन की जरूरत है।
07:36 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: सुदर्शन और निकिन के आउट होने पर विवाद

18 ओवर के बाद भारत-ए ने दो विकेट गंवाकर 116 रन बना लिए हैं। उपकप्तान अभिषेक शर्मा ने 44 गेंदों पर लिस्ट-ए करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। उनका साथ कप्तान यश ढुल निभा रहे हैं। अभिषेक 52 रन और यश 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पाकिस्तान ने 353 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही थी। साई सुदर्शन और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े थे। हालांकि, अरशद इकबाल की गेंद पर सुदर्शन कैच आउट हो गए। यह विकेट विवादित रहा, क्योंकि रिप्ले में साफ दिख रहा था कि अरशद का पैर लाइन से थोड़ा बाहर था। थर्ड अंपायर ने लेकिन आउट करार दिया। इसके बाद सुदर्शन के पवेलियन लौटते समय भारतीय स्टाफ ने थर्ड अंपायर से बातचीत की और नाराजगी जताई थी। फिर निकिन जोस का विकेट भी विवादित रहा। वह 11 रन बनाकर मोहम्मद वसीम जूनियर की गेंद पर विकेटकीपर हारिस के हाथों कैच आउट हुए। रिप्ले में दिखा कि वसीम की गेंद निकिन के जांघों में लगकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी। निकिन और अभिषेक ने विरोध भी जताया, लेकिन डीआरएस न होने की वजह से कुछ नहीं हो सका।
विज्ञापन
विज्ञापन
07:18 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 80 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। मोहम्मद वसीम जूनियर ने निकिन जोस को विकेटकीपर हारिस के हाथों कैच कराया। हालांकि, सुदर्शन की तरह यह विकेट भी विवादित रहा। गेंद निकिन का थाय पर लगकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी। लेकिन अंपायर ने कैच आउट दे दिया। नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूदा अभिषेक और निकिन ने विरोध भी जताया, लेकिन डीआरएस न होने की वजह से कुछ नहीं हुआ। 13 ओवर के बाद दो विकेट पर 82 रन है। फिलहाल कप्तान यश ढुल और उपकप्तान अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं। 
06:53 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को पहला झटका

353 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने तेज शुरुआत की थी। भारत ने आठ ओवर में बिना विकेट गंवाए 62 रन बना लिए थे। हालांकि, नौवें ओवर में साई सुदर्शन अरशद इकबाल के बाउंसर पर आउट हो गए। उन्होंने 28 गेंदों में 29 रन की पारी खेली। सुदर्शन के आउट होना विवादों में रहा। दरअसल, अरशद का फ्रंट फुट चेक किया गया। रिप्ले से ऐसा लगा कि उनका पैर लाइन से आगे है और नो बॉल, लेकिन थर्ड अंपायर ने आउट करार दिया। जब सुदर्शन वापस लौट रहे थे तो भारतीय स्टाफ ने थर्ड अंपायर से शिकायत भी की, लेकिन कुछ नहीं हो सका। सुदर्शन और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 51 गेंदों में 64 रन की साझेदारी हुई। 10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। फिलहाल अभिषेक शर्मा और निकिन जोस क्रीज पर हैं।
06:22 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत ए की पारी शुरू

पाकिस्तान ए के खिलाफ फाइनल में भारत ए की पारी शुरू हो गई है। टीम इंडिया के सामने 353 रन का पहाड़ लक्ष्य है। भारत के साई सुदर्शन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं। दोनों से टीम इंडिया को बेहतर शुरुआत की उम्मीद है। भारत ने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 10 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन ने पांच और अभिषेक ने तीन रन बनाए हैं।
05:46 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को मिला बड़ा लक्ष्य

पाकिस्तानी टीम ने भारत को मैच जीतने के लिए बड़ा लक्ष्य दिया है। उसने 50 ओवर में आठ विकेट पर 352 रन बनाए। टीम इंडिया को जीत 353 रन का लक्ष्य मिला। पाकिस्तान के लिए तैयब ताहिर ने सबसे ज्यादा 108 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 65 और सैम अयूब ने 59 रन की पारी खेली। ओमेर यूसुफ और मुबासिर खान ने 35-35 रन का योगदान दिया। मोहम्मद वसीम जूनियर 17 रन बनाकर नाबाद रहे। मेहरान मुमताज ने 13 रन बनाए। मोहम्मद हारिस दो रन बनाकर आउट हुए। कासिम अकरम खाता नहीं खोल सके। सुफियान मुकीम ने नाबाद चार रन बनाए। भारत ए के लिए राजवर्धन हंगरगेकर और रियान पराग ने दो-दो विकेट लिए। हर्षित राणा, मानव सुथार और निशांत सिंधू ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
Load More
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed