प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है क्योंकि मां के स्वास्थ का सीधा असर बच्चे पर पड़ता है। ऐसे में एक स्टडी सामने आई है जिसपर प्रेग्नेंट महिलाओं को विशेष तौर पर ध्यान देना चाहिए। अगर आप प्रेग्नेंसी के दौरान हर रोज एक सिगरेट पीती हैं तो सावधान हो जाइए।
इस स्टडी के अनुसार, प्रेग्नेंसी के दौरान रोजाना एक सिगरेट पीने से नवजात बच्चों में अचानक होने वाली अप्रत्याशित शिशु मृत्यु ( sudden unexpected infant death ) का अधिक खतरा होता है।
ऐसे में एक वर्ष से कम उम्र के बच्चे की अचानक मौत हो जाती है। सबसे बड़ी बात तो ये है कि इस अवस्था के लक्षण जांच से पहले सामने नहीं आ पाते हैं। वो महिलाएं जो एक दिन में औसतन 1 से 20 सिगरेट पीती थीं, उनमें एसयूआईडी की संभावना हर एक सिगरेट के साथ 0.07 बढ़ गई है।
इस स्टडी में खास तौर पर कम्प्यूटेशनल मॉडलिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, अमेरिका में लगभग 2 करोड़ प्रेग्नेंट महिलाओं की स्मोकिंग की आदतों का विश्लेषण किया गया है। इसमें उन महिलाओं को भी शामिल किया गया जो प्रेग्नेंसी के तीन महीने पहले स्मोकिंग करती थीं और फिर पहली तिमाही में छोड़ देती थीं। जिसमें पाया गया कि पहली तिमाही में स्मोकिंग छोड़ने के बावजूद एसयूआईडी का खतरा अधिक था।
सिएटल के चिल्ड्रन रिसर्च इंस्टिट्यूट की लेखिका टाटियाना एंडरसन के अनुसार, यह बात सामने आ चुकी है कि प्रेग्नेंसी के दौरान स्मोकिंग करने से नवजात शिशुओं में मृत्यु का खतरा दोगुना रहता है। तो महिलाओं को यह बात गांठ बांध लेनी चाहिए कि अगर प्रेग्नेंसी से पहले और बाद की अवस्था में स्मोकिंग छोड़ दें तो इससे उनके शिशुओं में मृत्यु के खतरे को कम किया जात सकता है।