UPSC ESE Registration 2026: यूपीएससी ईएसई के 474 पदों पर भर्ती! यहां से भरें फॉर्म, जानें आवेदन की सभी शर्तें
UPSC ESE Recruitment 2026: संघ लोक सेवा आयोग ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 474 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
विस्तार
UPSC ESE Registration 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE) 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in या upsconline.nic.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 अक्तूबर, 2025 निर्धारित की गई है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 474 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास भारत में केन्द्रीय या राज्य विधानमंडल के अधिनियम द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, संसद के अधिनियम द्वारा स्थापित संस्थान या विश्वविद्यालय अनुदान आयोग अधिनियम, 1956 की धारा 3 के तहत मान्यता प्राप्त अन्य शैक्षणिक संस्थानों से प्राप्त इंजीनियरिंग की डिग्री भी मान्य होगी।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी, 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। यानी आवेदक का जन्म 2 जनवरी, 1996 से पहले और 1 जनवरी, 2005 के बाद नहीं हुआ होना चाहिए।
आवेदन शुल्क
सभी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) तथा दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के भुगतान से पूरी तरह छूट दी गई है। यह प्रावधान इन वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल और किफायती बनाता है।
आवेदन शुल्क का भुगतान उम्मीदवार भारतीय स्टेट बैंक की किसी भी शाखा में नकद जमा करके, अथवा वीजा/मास्टर/रुपे क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई या किसी भी बैंक की इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं।
प्रीलिम्स परीक्षा तिथि
यूपीएससी इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE) 2026 की प्रारंभिक परीक्षा 8 फरवरी, 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए देशभर के विभिन्न केंद्रों पर अभ्यर्थियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाती है। सबसे पहले प्रीलिम्स, उसके बाद मुख्य परीक्षा, और अंत में व्यक्तित्व परीक्षण (Interview)। अंतिम परिणाम इन्हीं तीनों चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार किया जाता है।
उम्मीदवारों के लिए हेल्पडेस्क
यूपीएससी ने आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यदि उम्मीदवारों को आवेदन भरने, शुल्क भुगतान करने, दस्तावेज अपलोड करने या परीक्षा से जुड़ी किसी जानकारी की जरूरत हो, तो वे 011-24041001 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
यह हेल्पलाइन 26 सितंबर 2025 से 16 अक्तूबर 2025 तक सभी कार्यदिवसों में उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थी सुबह 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक इस नंबर पर कॉल करके अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।