UP PGT Result: यूपी पीजीटी लिखित परीक्षा के नतीजे जारी, 18 विषयों में साक्षात्कार के लिए 2253 अभ्यर्थी सफल
UPESSC PGT Result 2026: यूपीईएसएससी ने पीजीटी भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। 18 विषयों के 624 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में 2253 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है। इंटरव्यू शेड्यूल जल्द आयोग की वेबसाइट पर जारी होगा।
विस्तार
UPESSC PGT Result 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रवक्ता (PGT) भर्ती परीक्षा 2022 का लिखित परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 18 विषयों के कुल 624 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अब चयनित उम्मीदवारों को साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल होना होगा।
आयोग ने बताया कि विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत प्रवक्ता संवर्ग के विभिन्न विषयों की लिखित परीक्षा 9 और 10 मई 2026 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 1,92,934 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के परिणाम 2 जून 2026 को जारी किए गए।
18 विषयों के लिए जारी हुआ रिजल्ट
जिन विषयों के लिए परिणाम घोषित किया गया है उनमें भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, कला और हिंदी शामिल हैं।
आयोग के अनुसार इन सभी विषयों में साक्षात्कार के लिए अस्थायी रूप से कुल 2253 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
वेबसाइट पर उपलब्ध होगी इंटरव्यू की जानकारी
आयोग ने कहा है कि विषयवार और श्रेणीवार साक्षात्कार कार्यक्रम के साथ जरूरी दिशा-निर्देश 3 जून 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को इंटरव्यू से जुड़ी सूचना उनके पंजीकृत ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
इंटरव्यू लेटर ऐसे डाउनलोड कर सकेंगे अभ्यर्थी
आयोग के मुताबिक सफल उम्मीदवार अपने साक्षात्कार की निर्धारित तिथि से 10 दिन पहले इंटरव्यू लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट चेक करते रहें ताकि किसी भी महत्वपूर्ण अपडेट से वंचित न रहें।