यूपी: सहायक अध्यापक भर्ती की योग्यता में बड़ा बदलाव, अब ये अभ्यर्थी भी आवेदन के लिए पात्र, अंतिम तिथि भी बढ़ी
उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी भर्ती के लिए बीएलएड और दो वर्षीय विशेष शिक्षा डिप्लोमा धारकों को भी पात्रता में शामिल किया गया है। इसी के साथ आयोग ने आवेदन की अंतिम तारीख 4 नवंबर 2026 और फॉर्म में संशोधन की तारीख 7 नवंबर तक बढ़ा दी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अहम खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी पदों की भर्ती में दो और शैक्षणिक योग्यताओं को शामिल किया है। अब चार वर्षीय प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में स्नातक (B.El.Ed.) और भारतीय पुनर्वास परिषद से मान्यता प्राप्त दो वर्षीय डिप्लोमा इन स्पेशल एजुकेशन की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को भी पात्रता में शामिल किया गया है।
आयोग ने 28 अक्तूबर 2026 को जारी विज्ञप्ति में बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के 24 अक्तूबर के आदेश और उत्तर प्रदेश शासन के 27 अक्तूबर के पत्र को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। यह संशोधन विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी पदों के लिए किया गया है।
आवेदन की तारीख भी बढ़ाई गई
नई योग्यताओं को शामिल करने के साथ ही आयोग ने आवेदन के लिए अतिरिक्त समय भी दिया है। अब इच्छुक उम्मीदवार 4 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तारीख 7 नवंबर 2026 तय की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि लिखित परीक्षा पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही 3 और 4 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
कितने पदों पर हो रही है भर्ती?
विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक के कुल 12,405 पदों पर भर्ती हो रही है। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के शहरी प्राथमिक विद्यालयों के 11,508 पद और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से सम्बद्ध प्राथमिक विद्यालयों के 897 पद शामिल हैं।
भर्ती की महत्वपूर्ण तारीखें
| विवरण | तारीख |
|---|---|
| विज्ञापन संख्या | 05/2026 |
| आवेदन शुरू होने की तारीख | 16 सितंबर 2026 |
| आवेदन की अंतिम तारीख | 4 नवंबर 2026 |
| आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख | 7 नवंबर 2026 |
| लिखित परीक्षा | 3 और 4 दिसंबर 2026 |
उम्मीदवार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर भर्ती से संबंधित विज्ञापन और संशोधित अधिसूचना देख सकते हैं। आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित पद के लिए लागू पात्रता शर्तों की पुष्टि आधिकारिक नियमों से जरूर कर लें।